मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
शिव कॉलोनी में सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन, 22 लाख रुपए के विकास कार्यों का शुभारंभ
नर्मदापुरम// जिला नर्मदापुरम के नर्मदापुरम नगर स्थित वार्ड क्रमांक 18, शिव कॉलोनी में सी.सी. रोड निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन संपन्न हुआ। जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति में विधिवत पूजन-अर्चन के साथ निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया, जिससे क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल देखा गया।
इस अवसर पर जानकारी दी गई कि उक्त निर्माण कार्य सांसद दर्शन सिंह चौधरी जी की सांसद निधि से ₹1,50,000, नगर पालिका निधि से ₹20,50,000 तथा राज्यसभा सांसद माया नारोलिया जी द्वारा प्रदत्त ₹5,00,000 की राशि से किया जा रहा है। साथ ही वार्ड-18 में अन्य विकास कार्यों सहित कुल ₹22 लाख की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं शुभारंभ किया गया। इन कार्यों के पूर्ण होने पर क्षेत्र में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे आवागमन सुगम एवं सुरक्षित बनेगा और नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा। कार्यक्रम में सीतासरन शर्मा (पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक), राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू महेन्द्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने क्षेत्रवासियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर महिलाओं के सशक्तिकरण के विषय पर भी विशेष चर्चा की गई। “नारी शक्ति वंदन” जैसे महत्वपूर्ण विधेयकों के पारित होने की आवश्यकता पर बल देते हुए बताया गया कि यह कदम महिलाओं को राजनीतिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा। वक्ताओं ने कहा कि अब देश में महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने एवं उन्हें सशक्त बनाने के लिए ठोस एवं प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने विकास कार्यों के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना की तथा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment