मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
गीतों के गांव चले आए, डॉ निगम की द्वितीय पुण्यतिथि 14 जून को मनाई जाएगी
नर्मदापुरम। देश के प्रसिद्ध नवगीतकार नर्मदांचल के सर्वप्रिय कवि डॉ विनोद निगम की द्वितीय पुण्यतिथि 14 जून को मनाई जाएगी। पुण्य स्मरण-2 ‘गीतों के गांव चले आए’ कार्यक्रम में प्रसिद्ध गीतकार डॉ सुरेश लखनऊ, के मुख्यातिथ्य पूर्व विधायक गिरजाशंकर शर्मा की अध्यक्षता एवं देश के वरिष्ठ साहित्यकार मप्र हिन्दी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष पलाश सुरजन, प्रसिद्ध चित्रकार एवं कथाकार मनोज कुलकर्णी के विशिष्ठ आतिथ्य में 14 जून शनिवार को अपरान्ह 3.30 बजे से पं रामलाल शर्मा स्कूल एनईएस कालेज के सभागार समारोह आयोजित होगा।
सूत्रधार डॉ हंसा व्यास ने बताया कि डॉ विनोद निगम के गीत का संगीतमय गायन डॉ नमन तिवारी करेंगे। साथ ही साहित्यकार डॉ कृष्ण गोपाल मिश्र का कविता पाठ और अशोक जमनानी का डाॅ निगम की कविता पर उद्बोधन होगा। गत वर्ष की भांति मुख्यअतिथि द्वारा एमए हिन्दी गृह विज्ञान महाविद्यालय में सर्वाेच्च् अंक प्राप्त छात्रा का सम्मान किया जाएगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ निगम के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डालेंगे। शहर के सप्तक मित्र समूह के द्वारा आयोजित इस समारोह में जिले के अनेक साहित्यकार, समाजसेवी व उनके परिजन, प्रियजन, मित्रगण शामिल रहेंगे। सप्तक मित्र समूह के संयोजक सुरेश उपाध्याय, रमेश गार्गव, गोपीकांत घोष, राजकिशोर दीक्षित, खेमचंद यादवेश, कमलेश सक्सेना ने बताया कि डॉ निगम की पुण्यतिथि के मौके पर उनकी याद में अन्य कार्यक्रम भी होंगे।
उल्लेखनीय है कि डॉ निगम के संयोजन में बीते अनेक वर्षों से कविवर भवानी प्रसाद मिश्र स्मृति श्रृंखला के तहत अनेक साहित्यिक, सामाजिक व सांस्कृतिक आयोजन होते रहे हैं। जिसमें देश के जाने माने साहित्यकार, संगीतकारों का आना जाना होता रहा है।
No comments:
Post a Comment