मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
*स्प्रिंगडेल्स स्कूल में सीबीएसई के दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन संपन्न
एके एन न्यूज नर्मदा पुरम। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा आयोजित आकलन एवं मूल्यांकन प्रक्रियाओं को सुदृढ़ बनाने जैसे विषय पर आधारित दो दिवसीय (12 घंटे) प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन 19 एवं 20 जून को स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंण्डरी स्कूल, नर्मदापुरम में संपन्न हुआ।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को मूल्यांकन एवं आकलन की नवीन पद्धतियों, प्रभावी शिक्षण रणनीतियों तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विभिन्न आयामों से परिचित कराना था, जिससे वे विद्यार्थियों के समग्र विकास एवं सीखने के परिणामों को और अधिक प्रभावी बना सकें।
प्रशिक्षण में रिसोर्स पर्सन के रूप में श्रीमती जिया मंगलानी (प्राचार्य, भोपाल गर्ल्स स्कूल) एवं श्रीमती बीना प्रकाश (पीजीटी गणित, कैंपियन स्कूल, अरेरा कॉलोनी, भोपाल) ने अपनी विशेषज्ञता एवं अनुभव साझा किए। उन्होंने समग्र एवं दक्ष मूल्यांकन प्रणाली, गतिविधि-आधारित शिक्षण, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों तथा विद्यार्थियों की अधिगम उपलब्धियों को बेहतर बनाने से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।
दो दिन तक चले इस प्रशिक्षण में शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने समूह गतिविधियों, विचार-विमर्श, अभ्यास सत्रों एवं अनुभव साझा करने के माध्यम से अपने ज्ञान और कौशल का विस्तार किया। सभी शिक्षकों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं व्यवहारिक बताते हुए इसे अपने शिक्षण कार्य में प्रभावी रूप से लागू करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। वहीं विद्यालय की जनरल मैनेजर श्रीमती सोनल सोखी के सहयोग एवं प्रोत्साहन से कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित एवं सफल रहा।
समापन सत्र में सुश्री रचना तिवारी ने सभी अतिथियों, रिसोर्स पर्सन्स एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रभावशाली धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इसके पश्चात रिसोर्स पर्सन्स को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उत्साह, सहभागिता एवं सीखने की सकारात्मक भावना के साथ संपन्न इस प्रशिक्षण ने शिक्षकों को नई ऊर्जा एवं नवीन दृष्टिकोण प्रदान किया, जो भविष्य में विद्यार्थियों के गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं मूल्यांकन को और अधिक सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगा।


No comments:
Post a Comment