जय हो समिति का माँ नर्मदा घाट स्वच्छता अभियान 308वें सप्ताह में भी निरंतर जारी
एके एन न्यूज नर्मदापुरम। सामाजिक संस्था जय हो समिति द्वारा माँ नर्मदा के प्रति आस्था, सेवा एवं स्वच्छता के संकल्प के साथ संचालित माँ नर्मदा घाट स्वच्छता अभियान का 308वाँ सप्ताह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभियान के अंतर्गत समिति के सदस्यों ने प्रातःकाल परमहंस घाट पर पहुँचकर श्रमदान किया तथा घाट परिसर में फैली गंदगी एवं प्लास्टिक कचरे को एकत्रित कर स्वच्छता का संदेश दिया।
इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने श्रद्धालुओं एवं आमजन से माँ नर्मदा के घाटों को स्वच्छ बनाए रखने तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने की अपील भी की। समिति के सदस्यों ने कहा कि माँ नर्मदा केवल एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और जीवन का आधार हैं। उनकी स्वच्छता एवं निर्मलता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। जय हो समिति पिछले 308 सप्ताहों से बिना किसी अवरोध के यह अभियान निरंतर संचालित कर समाज में जनजागरण का कार्य कर रही है।
अभियान में उपस्थित सभी सदस्यों ने भविष्य में भी इसी समर्पण और उत्साह के साथ माँ नर्मदा की सेवा एवं स्वच्छता के इस जनअभियान को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया तथा अधिक से अधिक नागरिकों से इस पुनीत अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष अर्पित मालवीय सहित समिति के सदस्यगण मदन वर्मा, रमेश उपरारिया, गणेश यादव, पीतम चक्रवर्ती, पंकज मेहरा, अजय बावरिया, रोहित मालवीय, अंकित सागर, जतिन यादव, विशाल बावरिया, हर्षित पवार, सौरभ वर्मा, कमलेश मौर्य, सागर पटेल, अनुराग वर्मा, निकिता वर्मा, परि उपरारिया, शुभ सागर, प्रथम बावरिया, आरुष वर्मा उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment