चर्च में आग लगाने वाले आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
पुलिस ने 24 घंटे में पकड़ा आरोपियों, मसीह समाज ने जताया पुलिस का आभार
मनोज सोनी की विशेष रिपोर्ट
नर्मदा पुरम । सूखतवा के पास चौकी पुरा एवं इटारसी के खेड़ा स्थित चर्च में पिछले दिनों आगजनी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर धर दबोचा है पुलिस अधीक्षक डॉ गुरु करण सिंह ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में विभिन्न टीमों के द्वारा इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि थाना केसला के अपराध क्रमांक 11/2023 धारा 295 आईपीसी 12 फरवरी को अज्ञात आरोपी द्वारा सुखतवा के चौकीपुरा चर्च में खिड़की की जाली तोड़कर चर्च में घुसकर चर्च में रखी सामग्री को जला दिया गया था। इसके पूर्व थाना इटारसी के अपराध क्रमांक 14/2023 धारा 295 आईपीसी में 9 फरवरी को खेडा इटारसी के ईसीआई चर्च में भी अज्ञात आरोपी द्वारा चर्च के गेट पर आग लगाने की घटना को अंजाम देने वाले दोनों ही मामले अत्यंत महत्वपूर्ण थे । इस मामले को पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह द्वारा गंभीरता से लेते हुए थाना इटारसी एवं केसला की 3 टीमें बनाकर अज्ञात आरोपियों कि तलाश कराई गई जिसमें विभिन्न पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गये, मानवीय संसाधनों से जानकारी एकत्रित की गयी एवं तकनीकि साक्ष्य का उपयोग किया गया । उपरोक्त रुप से संयुक्त प्रयासों के आधार पर 13 फरवरी को मुख्य संदेही अवनीश पांडे निवासी जिला अयोध्या उत्तर प्रदेश वर्तमान निवासी रेल्वे क्वार्टर 12 बंगला इटारसी को अभिरक्षा में लेकर सघन पूछताछ की गयी। पूछताछ पर आरोपी से जानकारी मिली कि उसका मित्र आकाश तिवारी निवासी झांसी उ.प्र. गुगल लोकेशन पर चर्च एवं मजार की लोकेशन तथा फोटो भेजता था। इसके आधार पर टारगेट करके मुख्य आरोपी अवनीश पांडे द्वारा उक्त दोनों घटनाएं कारित की गयी थी। यह कार्य करने के बदले में दोनों ही बार आरोपी अवनीश को आकाश तिवारी द्वारा आनलाईन पैसे भेजे गये थे। पूछताछ पर यह भी जानकारी प्राप्त हुयी कि समूचे घटनाक्रम के मास्टरमाईंड आकाश तिवारी द्वारा इटारसी, नर्मदापुरम तथा भोपाल के अनेक चर्च एवं मजार के लोकेशन फोटो अवनीश पांडे को भेजे गये थे। दोनों ही घटनाओं में आरोपी अवनीश पांडे पिता शोभाराम पांडे उम्र 24 साल निवासी अयोध्या उ.प्र. तथा सुखतवा कि घटना में सहआरोपी शिवा राय निवासी इटारसी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिन्हें शीघ्र ही न्यायालय में पेश किया जायेगा। मालूम हो कि दोनों ही घटनाओं में षड़यंत्र रचने वाले मास्टरमाईंड आकाश तिवारी पिता राधेश्याम तिवारी निवासी झांसी उ.प्र. को नर्मदापुरम से भेजे गये विशेष पुलिस दल के द्वारा अभिरक्षा में ले लिया गया है। इटारसी पहुंचते ही पूछताछ कर गिरफ्तारी की जावेगी । घटनाक्रम का खुलासा करने, साक्ष्य एकत्रित करने तथा आरोपियों कि गिरफ्तारी करने में अति. पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में एसडीओपी इटारसी महेन्द्र सिंह चौहान, थाना प्रभारी इटारसी रामस्नेही चौहान, थाना प्रभारी केसला आशीष पंवार, निरी. हेमंत श्रीवास्तव, निरी. सुरेश फरकले, उप निरी. विवेक यादव, उपनिरी. मुन्नालाल सूर्यवंशी, सउनि भोजराज बरबडे, प्र आर. हेमंत तिवारी, अशोक चौहान, प्रदीप चौधरी, आर.अभिषेक नरवरिया, गजेंद्र डडोरे, संगीत, रामप्रकाश, ज्योत्सवा, कृष्णा, हरीश का विशेष योगदान रहा।
मसीही समाज ने जताया पुलिस प्रशासन का आभार
पुलिस अधीक्षक डॉ गुरु करन सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह सहित सभी पुलिस टीमों द्वारा 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी करने पर मसीह समाज ने आभार व्यक्त किया है। क्रिश्चियन पास्टर्स एसोसिएशन के डॉक्टर सुभाष पवार , जीजी जोसेफ नर्मदा पुरम क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन के अध्यक्ष जयराज सिंह भाने ने कहा कि समाज आशा करता है कि प्रशासन इन तत्वों को बेनकाब करते हुए उनके नेटवर्क को पूरी तरह से निष्क्रिय करके मसीह समाज को आराधना भक्ति करने की सुरक्षा व स्वतंत्रता को सुरक्षित रखने में सहायता प्रदान करता रहेगा ।

No comments:
Post a Comment