पचमढ़ी मानसून मैराथन के पांचवाँ संस्करण का हुआ भव्य एवं सफल आयोजन
देशभर से 1350 धावकों ने मैराथन में लगाई दौड़
धावकों के उत्साहवर्धन के लिए कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह भी 21 किलोमीटर दौड़े
चार वर्ष बच्चे से लेकर 75 वर्ष के बुजुर्ग ने लगाई दौड
नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड (एमपीटीबी) के सहयोग से ‘एडवेंचर एंड यू’ (के.ए. कनेक्ट) द्वारा रविवार को पचमढ़ी में मानसून मैराथन का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। जिला प्रशासन नर्मदापुरम के सहयोग से आयोजित हुई मैराथन में देशभर से 1350 धावकों ने हिस्सा लिया और पचमढ़ी के प्राकृतिक सौंदर्य के बीच 42 किलोमीटर, 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर एवं 5 किलोमीटर श्रेणियों में दौड़ लगाई। मैराथन दौड़ की शुरुआत एमपीटी ग्लेनव्यू होटल से हुई।
42 किलोमीटर दौड़ अलसुबह 3 बजे शुरू हुई। शेष तीनों दौड़ सुबह 6 बजे शुरू की गई। जिसे नर्मदापुरम कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, टूरिज्म बोर्ड के ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव, उपसंचालक युवराज पडोले ने फ्लैगऑफ की। दौड़ में चार वर्ष के बच्चे से लेकर 75 वर्ष के बुजुर्ग ने हिस्सा लिया। नर्मदापुरम कलेक्टर श्री सिंह भी 21 किमी दौड़ें। समापन के बाद एक समारोह में अतिथियों द्वारा विजेताओं को सर्टिफिकेट, ट्रॉफी व मेडल दिए गए।
खजुराहो में भी होगी मैराथन
पुरस्कार वितरण समारोह में टूरिज्म बोर्ड के संयुक्त संचालक डॉ.एस.के.श्रीवास्तव ने सभी धावकों को बधाई दी ओर बताया कि पचमढ़ी की तर्ज पर खजुराहो में भी मैराथन होगी, जिसका आयोजन 11 फरवरी, 2024 को किया जाएगा। उन्होंने सभी धावकों को मैराथन के लिए आमंत्रित किया।
उपसंचालक युवराज पडोले ने बताया कि लगातार पांच वर्षों से हो रही पचमढ़ी मानसून मैराथन को लेकर देशभर में उत्साह रहता है। अब पचमढ़ी में ही 17 दिसंबर को एक अल्ट्रा मैराथन (30, 60 ओर 90 किलोमीटर) होने जा रही है, जिसके लिए भी रजिस्ट्रेशन जल्द शुरु किए जाएंगे। सम्मान समारोह में सतपुड़ा फील्ड डायरेक्टर एल कृष्णमूर्ति, पर्यटन विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक ए यू खान, साडा श्रेत्रीय अध्यक्ष कमल धूत, केए कनेक्ट से मिनेश रामभिया भी विशेष रूप से मौजूद थे।
विजेताओं की सूची
42 किलोमीटर (पुरुष) में प्रथम विजेता पी सेल्वन, 42 किलोमीटर (महिला) में प्रथम विजेता सुश्री निकिता मण्डलोई, 21 किलोमीटर (पुरुष) में प्रथम विजेता रमनजीत, 21 किलोमीटर (महिला) में प्रथम विजेता सुश्री युविका मेरोथेन,10 किलोमीटर (पुरुष) में प्रथम विजेता दत्ता कुमार, 10 किलोमीटर (महिला) में प्रथम विजेता सुश्री कविता शर्मा, 5 किलोमीटर (पुरुष) में प्रथम विजेता संभव मिश्रा,5 किलोमीटर (महिला) में प्रथम विजेता सुश्री दिव्यांशी ।
मनोज सोनी editor-in-chief


No comments:
Post a Comment