मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
समारोह पूर्वक ढंग से मनाया जाए मध्यप्रदेश स्थापना दिवस,
बांद्राभान मेले की समस्त तैयारियां समय पर पूरी की जाए,
संभागीय एसीएस समीक्षा बैठक के प्रकरणों में कार्यवाही सुनिश्चित करें संबंधित विभाग
समय सीमा बैठक संपन्न
नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रम का आयोजन धूम धाम एवं समारोह पूर्वक तरीके से किया जाए,इस दौरान पुलिस परेड ग्राउण्ड पर फहराया जाएगा राष्ट्रीय ध्वज। बांद्राभान मेले की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण की जाए, मेले में स्वच्छता, पार्किंग, बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन, सुरक्षा आदि के व्यापक इंतजाम किए जाएं। जिससे कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। यह निर्देश जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सौजन सिंह रावत द्वारा सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक के दौरान संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए गए।
समय सीमा बैठक के दौरान सीईओ श्री रावत द्वारा सीएम हेल्पलाइन, सुशासन, अधिकारियों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों, शासकीय विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण की निरीक्षणकर्ता अधिकारियों द्वारा अद्यतन की गई जानकारी के आधार पर विस्तार पूर्वक समीक्षा की गई। उन्होंने कुछ विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की अल्प उपस्थिति के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया है कि अल्प उपस्थिति वाली शालाओं में वहां की स्थिति के आधार पर समस्या का अध्ययन कर जमीनी स्तर पर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान सीईओ श्री रावत ने महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं की आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा प्रदान किए जाने का प्रयास करें क्योंकि आंगनबाड़ियों का मुख्य उद्देश्य यही होना चाहिए कि बच्चों को प्राथमिक शिक्षा प्रदान की जाए जिससे वे आगामी विद्यालयीन अध्ययन के लिए पूर्व से ही तैयार रहें। इसके लिए आवश्यकता अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण भी सुनिश्चित करवाए। उन्होंने कहा कि बच्चो को आगामी उच्च शिक्षा एवं करियर संबंधी मार्गदर्शन भी दिया जाए।
श्री रावत ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया है कि स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के आसपास कचरा फेंकने वालों को समझाईश दी जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर उनके ऊपर जुर्माने की भी कार्यवाही की जाए। उन्होंने एसी ट्राइबल को निर्देशित किया है कि जिन छात्रावासो में सीसीटीवी कैमरे स्थापित नहीं है वहा पर कैमरा स्थापित किए जाए।
बैठक के दौरान श्री रावत ने विगत दिनों हुई संभागीय एसीएस बैठक में विधायकगणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा बताई गई समस्याओं के कार्यवाही बिंदुओ की समीक्षा कर, उनमें एक सप्ताह के भीतर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए साथी ही निर्धारित प्रपत्र में कार्यवाही विवरण भी अद्यतन किया जाना सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
श्री रावत ने बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए डी श्रेणी के विभागों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्हें सख्त निर्देश दिए की आगामी दिवसों में अपनी ग्रेडिंग में सुधार करें तथा अधिक से अधिक संख्या में शिकायतों के निराकरण किया जाए।
जिला पंचायत सीईओ श्री रावत ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए समस्त सीईओ एवं सीएमओ को निर्देश जारी किए हैं कि ऐसे हितग्राही जिनकी मृत्यु हो गई है या जो बाहर जा चुके हैं उन हितग्राहियों का डाटा डिलीट किए जाने की कार्यवाही की जाए। उन्होंने संबल योजना के 300 दिवस से अधिक लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए श्रम विभाग को निर्देशित किया है कि ऐसे प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए। बैठक में श्री रावत ने वन एवं विस्थापित ग्रामों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ग्रामों में जाकर उक्त समस्त सुविधाओ के लिए सर्वे किया जाना सुनिश्चित करें।
धूमधाम एवं समारोह पूर्वक मनाया जाएगा मध्य प्रदेश स्थापना दिवस
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रावत द्वारा निर्देश जारी किए गए हैं कि जिले में आगामी 1 नवंबर को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस का आयोजन धूमधाम एवं समारोह पूर्वक ढंग से किया जाए। उक्त संबंध में उन्होंने जानकारी देते हुए बताया है कि समारोह पुलिस परेड ग्राउंड पर 1 नवंबर को मनाया जाएगा जिसमें कलेक्टर द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। उन्होंने नगर पालिका, शिक्षा विभाग को स्थापना दिवस के संबंध में निर्देशित किया है कि स्थापना दिवस से संबंधित समस्त तैयारियां समय सीमा में पूरी किए जाना सुनिश्चित करें।
बांद्राभान मेले के लिए सभी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए
मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया है कि आगामी माह नवंबर में आयोजित होने वाले बांद्राभान मेले की सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश जारी किए है कि मेला स्थल तक पहुंच मार्ग की मरम्मत सुनिश्चित की जाए तथा स्थल के समीप अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को भी शीघ्र हटाया जाए। विद्युत विभाग मेला स्थल पर अस्थाई विद्युत कनेक्शन को स्थापित करने की कार्यवाही समय सीमा के भीतर करें। उन्होंने यात्री वाहनों की पार्किंग के लिए सीईओ जनपद पंचायत नर्मदा पुरम को निर्देशित किया है कि यातायात विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर मेला स्थल के समीप पार्किंग व्यवस्था बनाई जाए। श्री रावत ने होमगार्ड विभाग को निर्देशित किया है कि मेला स्थल पर गोताखोर एवं बचाव दल की उपस्थिति सुनिश्चित की जावे। संपूर्ण मेला क्षेत्र में चिन्हित स्थानों पर नगर पालिका द्वारा चलित शौचालय की व्यवस्था भी की जाए एवं क्षेत्र में आवश्यक स्वच्छता व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
सड़क सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय किए जाए
जिले में सड़क दुर्घटनाओं के प्रकरणों में कमी लाने के लिए विशेष प्रयास किए जाए। व्यवस्थित कार्य योजना बनाकर चिन्हित सड़कों पर चौड़ीकरण, मरम्मत ,साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर आदि सुरक्षा के उपाय किए जाए।
श्री रावत ने निर्देश दिए है कि जिले में ब्लैक स्पॉट्स पर सुरक्षा के सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाए। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर उन स्थानों पर होने वाली मृत्यु के आंकड़ों तथा दुर्घटना स्थल तक एंबुलेंस पहुंचने के लिए लगने वाले प्रतिक्रिया समय का अध्ययन करें एवं उसको कैसे काम किया जाए इसके लिए एक विस्तृत कार्य योजना तैयार करें। बैठक में शहर में भारी वाहनों के प्रवेश प्रतिबंधित किए जाने के लिए चर्चा की गई जिस पर आरटीओ द्वारा जानकारी दी गई है कि शहर में मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जा चुका है। सीईओ श्री रावत ने स्कूली वाहनों में आवश्यक सुरक्षा उपाय करवाने के लिए तथा वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने के संबंध में भी आवश्यक कार्यवाही किया जाना सुनिश्चित किए जाने के लिए आरटीओ को निर्देशित किया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशुतोष मिश्र, अपर कलेक्टर डीके सिंह, डिप्टी कलेक्टर बबीता राठौर, सिटी मजिस्ट्रेट बृजेंद्र सिंह रावत सहित जिले के अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment