मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सशक्त उपाय है एचपीवी वैक्सीन
जिले में में 20 मार्च को 640 बालिकाओं ने लगवाया टीका
अब तक 3278 बालिकाओं को लगी एचपीवी वैक्सीन
एके एन न्यूज नर्मदापुरम। महिलाओं में तेजी से बढ़ रहे सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे बचाव के उद्देश्य से जिले में विशेष एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। शुक्रवार को आयोजित टीकाकरण सत्र में 640 बालिकाओं ने एचपीवी का टीका लगवाकर सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरसिंह गेहलोत ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक नर्मदापुरम जिले में 14 से 15 वर्ष आयु की 3278 बालिकाओं ने एचपीवी वैक्सीन का डोज लगवाया है। सभी बालिकाएं पूरी तरीके से स्वस्थ हैं तथा किसी भी प्रकार की कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या उन्हें वैक्सीन के बाद नहीं हुई है। महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के समन्वित प्रयासों से इस अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इसका लाभ ले सकें।
विशेषज्ञों के अनुसार, सर्वाइकल कैंसर विश्व स्तर पर महिलाओं में चौथा सबसे आम कैंसर है। वर्ष 2022 में इसके लगभग 6.6 लाख नए मामले सामने आए और करीब 3.5 लाख महिलाओं की मृत्यु दर्ज की गई। यह कैंसर मुख्यतः ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) के लगातार संक्रमण के कारण होता है और अपेक्षाकृत कम आयु की महिलाओं को अधिक प्रभावित करता है। चिंताजनक तथ्य यह भी है कि कैंसर के कारण अपनी मां को खोने वाले लगभग 20 प्रतिशत बच्चों की माताओं की मृत्यु सर्वाइकल कैंसर के कारण होती है। ऐसे में समय रहते टीकाकरण ही इस गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष की आयु की बालिकाओं को एचपीवी टीकाकरण अवश्य दिलवाएं। यह टीका सुरक्षित, प्रभावी और भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को खत्म करने में सहायक है। इसके लिए अभिभावक अपनी बेटियों का पंजीकरण यू-विन (U-WIN) पोर्टल के माध्यम से भी कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त जिले में जिला चिकित्सालय नर्मदापुरम, सिविल अस्पताल इटारसी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनखेड़ी, पिपरिया, सोहागपुर, माखननगर, सुखतवा, सिवनी मालवा एवं डोलरिया में भी यह सुविधा उपलब्ध है।

No comments:
Post a Comment