मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
‘द चैम्प्स फन स्कूल’ में दो दिवसीय क्विज प्रतियोगिता का शानदार आयोजन
नर्मदा पुरम। ईशान परिसर स्थित द चैम्प्स फन स्कूल में 6 एवं 7 नवम्बर 2025 को दो दिवसीय क्विज प्रतियोगिता का शानदार आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में ज्ञान, तर्कशक्ति और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना था। 6 नवम्बर को आयोजित प्रथम चरण कक्षावार क्विज़ प्रतियोगिता के रूप में संपन्न हुआ, जिसमें सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। इस चरण से चयनित प्रतिभागियों को अगले दिन के फाइनल राउंड के लिए चुना गया।
7 नवम्बर को प्रतियोगिता का फाइनल राउंड आयोजित किया गया। इस राउंड में कक्षा 1 से 4 तक के विद्यार्थियों में से एक-एक प्रतिभागी को चुनकर कुल छः टीमें बनाई गईं। इन टीमों के नाम थे टीम ऑरा, टीम एक्वा, टीम इग्निस, टीम टेरा, टीम वॉइड तथा टीम लुमेन। सभी टीमों ने शानदार प्रस्तुति दी और अपने ज्ञान तथा तत्परता का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
विजेता टीमों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त दो विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए गए “बेस्ट क्विजर” और “अपकमिंग टेलेंट”। इन पुरस्कारों ने बच्चों को आगे और बेहतर करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के प्राचार्य डॉ आशीष चटर्जी तथा विद्यालय डायरेक्टर श्रीमति जूही चटर्जी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोनों अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात प्राचार्य ने अपने प्रेरणादायक शब्दों से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें सदैव ज्ञान की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर यह भी उल्लेख किया गया कि इस दिन राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण हुए हैं। इस गौरवपूर्ण अवसर पर विद्यालय परिवार ने गर्व और उत्साह के साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया।
इस प्रतियोगिता की क्विज मिस्ट्रेस सुश्री खुशी पटेल रहीं, जिन्होंने पूरे आयोजन को ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ संचालित किया। और इस प्रतियोगिता की स्कोरर श्रीमती स्नेहा राजपूत एवं सुश्री स्नेहा माखीजा रही।धन्यवाद ज्ञापन सुश्री योगिता अरोरा ने प्रस्तुत किया।कार्यक्रम की प्रभारी सुश्री मनीषा तोमर एवं सुश्री सुहानी सुनानिया रहीं।
समस्त शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं के सहयोग से यह दो दिवसीय क्विज़ आयोजन अत्यंत सफल, ज्ञानवर्धक एवं यादगार रहा। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ-साथ सीखने की उत्सुकता को भी और प्रबल किया।

No comments:
Post a Comment