मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
इटारसी बस स्टैंड पर बसों को 5 मिनट का स्टॉपेज देने की मांग, कांग्रेस नेताओं ने किया स्थल निरीक्षण
इटारसी। शहर में बसों के ठहराव की व्यवस्था को लेकर यात्रियों, दुकानदारों, छात्रों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों को हो रही परेशानियों के मद्देनज़र जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने पुराने इटारसी बस स्टैंड सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों का निरीक्षण कर आमजन से सीधा संवाद किया।
कांग्रेस नेताओं ने सबसे पहले पुराने बस स्टैंड पहुंचकर वहां के दुकानदारों एवं यात्रियों से चर्चा की। दुकानदारों ने बताया कि बसों के पर्याप्त समय तक न रुकने से व्यापार प्रभावित हो रहा है, वहीं यात्रियों ने कहा कि टिकट लेने, पानी पीने एवं बुजुर्गों व महिलाओं को बस में चढ़ने-उतरने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके पश्चात दोनों नेता ऑटो के माध्यम से ओवरब्रिज पहुंचे, जहां बसों के इंतजार में खड़ी स्कूल एवं कॉलेज की छात्राओं से बातचीत की गई। छात्राओं ने बताया कि बसों के कम समय तक रुकने के कारण उन्हें लंबे समय तक सड़क किनारे धूप में खड़ा रहना पड़ता है, जिससे असुविधा के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।
इसके बाद जिला एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष जन बस से पुनः पुराने इटारसी बस स्टैंड पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति भी देखी गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय का विस्तृत बयाननिरीक्षण के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने कहा कि“इटारसी बस स्टैंड शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों यात्रियों का प्रमुख केंद्र है। यहां से प्रतिदिन छात्र, मजदूर, व्यापारी, महिलाएं और बुजुर्ग सफर करते हैं। ऐसे में बसों को कम से कम 5 मिनट का स्टॉपेज दिया जाना यात्रियों की मूल आवश्यकता है।”
उन्होंने कहा कि “वर्तमान में बसें बहुत कम समय के लिए रुक रही हैं, जिससे यात्रियों को टिकट लेने, बच्चों और बुजुर्गों को संभालने तथा सुरक्षित रूप से बस में चढ़ने-उतरने का पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है। इससे अव्यवस्था की स्थिति बन रही है।”श्री पांडेय ने आगे कहा कि “भीषण गर्मी के मौसम में बस स्टैंड पर पीने के पानी, शौचालय, छाया और टिकट घर जैसी बुनियादी सुविधाओं का होना अत्यंत आवश्यक है। लेकिन निरीक्षण के दौरान पाया गया कि इन सुविधाओं का अभाव है। यात्रियों को तेज धूप में खड़े रहकर बसों का इंतजार करना पड़ रहा है, जो उचित नहीं है।”
उन्होंने कहा कि “कांग्रेस पार्टी किसी भी प्रकार के विरोध की बात नहीं कर रही है, बल्कि प्रशासन से यह रचनात्मक मांग कर रही है कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बसों को 5 मिनट का स्टॉपेज सुनिश्चित किया जाए और बस स्टैंड पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इससे यात्रियों के साथ-साथ व्यापारियों और छात्रों को भी राहत मिलेगी।”
नगर अध्यक्ष ने भी रखी मांग
नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था से व्यापारी, छात्र, ग्रामीण और आम नागरिक सभी परेशान हैं। प्रशासन को चाहिए कि वह ज़मीनी हकीकत को समझते हुए शीघ्र निर्णय ले और यात्रियों की सुविधा के लिए बस स्टैंड पर 5 मिनट का स्टॉपेज लागू करे।”
इस अवसर पर कांग्रेस नेता अतुल तिवारी, हरिनारायण थापक, चंद्रकांत बहारे, संतोष बामने, अनूप गाचले, पप्पू आठनेरे, सुनील डोंगरे नारायण गौर एवं राहुल दुबे उपस्थित रहे।उक्त जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रेक्रवार द्वारा दी गई।

No comments:
Post a Comment