मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
कायस्थ समाज ने स्वच्छता से दिया आस्था का संदेश
चित्रगुप्त घाट पर चलाया विशेष सफाई अभियान
नर्मदापुरम। मां नर्मदा के प्रति अपनी अटूट आस्था और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को दोहराते हुए, अखिल भारतीय कायस्थ समाज की मातृशक्ति इकाई द्वारा रविवार को स्थानीय चित्रगुप्त घाट पर विशेष श्रमदान किया गया। नर्मदा जयंती के पावन उत्सव के पश्चात घाटों पर एकत्रित हुई पूजन सामग्री, प्लास्टिक की थैलियों और पानी की खाली बोतलों को समाज के सदस्यों ने पूरी तन्मयता के साथ साफ किया।
नदी की गरिमा और प्लास्टिक मुक्त नर्मदा का संकल्प
नर्मदा जयंती के दौरान भक्तों द्वारा अर्पित की गई फूल-मालाओं के साथ-साथ भारी मात्रा में पॉलीथिन, प्लास्टिक के डिस्पोजल और पूजन सामग्री के साथ आए प्लास्टिक के सामान जो किनारों पर जमा हो गए थे, उन्हें मातृशक्ति और समाज के अन्य सदस्यों ने हाथों से चुनकर निकाला। समाज के सदस्यों ने चिंता व्यक्त की कि प्लास्टिक न केवल जल को प्रदूषित करता है बल्कि जलीय जीवों के लिए भी घातक है। घाट की फर्श को झाड़ू लगाकर स्वच्छ किया गया और समस्त कचरे व प्लास्टिक अपशिष्ट को डस्टबिन के माध्यम से उचित निपटान हेतु भेजा गया।
'नर्मदा केवल नदी नहीं, हमारी जीवन रेखा है'
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ सदस्य विजय वर्मा ने लोगो कहा कि नर्मदा मध्य प्रदेश की जीवन रेखा है। उन्होंने इसके आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा नर्मदा विश्व की एकमात्र ऐसी नदी है जिसकी परिक्रमा की जाती है। इसकी स्वच्छता हम सभी का साझा उत्तरदायित्व है। विशेषकर प्लास्टिक जैसे अजैविक कचरे को नदी में मिलने से रोकना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
समाज के सक्रिय सदस्य अभय वर्मा ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि मां नर्मदा हमारे जीवन का आधार हैं। उन्होंने नागरिकों से विनम्र अपील की कि वे फूल-माला, प्लास्टिक की थैलियां, डिस्पोजल या अन्य कोई भी सामग्री सीधे जल में विसर्जित न करें। उन्होंने आग्रह किया कि पूजन के लिए आए श्रद्धालु अपने साथ लाए प्लास्टिक के सामान को घाटों पर न छोड़ें, ताकि नदी के जल की पवित्रता और निर्मलता बनी रहे।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
स्वच्छता के इस पुनीत कार्य में मातृशक्ति अध्यक्ष ज्योति वर्मा सहित केशव वर्मा, मनोज वर्मा, प्रीती खरे, श्रीमती सुमन वर्मा, लालता प्रसाद, अशोक वर्मा, रश्मि सक्सैना, रश्मि वर्मा, सीबी खरे, मंजू श्रीवास्तव, राजेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव एवं समाज के अनेक ऊर्जावान सदस्य उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment