एके एन न्यूज नर्मदा पुरम
सेठानी घाट से प्रारंभ होगी मां नर्मदा परिक्रमा तीर्थ यात्रा,
साधु-संत सहित गणमान्य नागरिक होंगे शामिल
मां नर्मदा परिक्रमा यात्रा डीजे, बैंड बाजे के बगैर रामधुन से होगी शुरू
तीर्थ यात्रा परिक्रमा समापन पर होगा विशाल भंडारा
नर्मदापुरम। आचार्य पंडित सोमेश परसाई के सानिध्य में श्री विद्या ललिताम्बा समिति के द्वारा 20 फरवरी से प्रारंभ होने वाली आध्यात्मिक मां नर्मदा परिक्रमा यात्रा सेठानी घाट से सुबह 8 बजे प्रारंभ होकर सातरस्ते काली मंदिर से ओमकारेश्वर के लिए रवाना होगी। मां नर्मदा परिक्रमा यात्रा का संगीतमय भजनों के माध्यम से यात्रा का शुभारंभ होगा, इस अवसर पर श्रद्धालु अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित हो कर पुण्य लाभ अर्जित करे।
गौरतलब है कि मां नर्मदा परिक्रमा के लिए करीब सौ से अधिक लोग इस यात्रा में शामिल रहेंगे। यह यात्रा धार्मिक, शैक्षणिक एवं पर्यावरण प्रदूषण के उद्देश्य से पंडित सोमेश परसाई के नेतृत्व में एक पखवाड़े की इस यात्रा में प्रतिदिन प्रातः काल से लेकर रात्रि तक का सात्विक दिनचर्या जिसमें प्रातः लक्ष्मी, इष्ट, प्रभु स्मरण के साथ भूमि वंदन, देव दर्शन, देव आज्ञा, शुद्धिकरण, माला पूजन, नर्मदा स्नान, वृक्षारोपण, घाटों की साफ सफाई, रुद्र अभिषेक, संकीर्तन संध्याकाल नर्मदा की महाआरती, संत्सग, धर्मचर्चा, सूक्त पाठ, दोपहर एवं रात्रि को गाय के घृत से बना भोजन शामिल हैं।
वहीं सबसे बड़ी बात तो यह है कि प्रतिदिन नर्मदा जल को शुद्ध करने के लिए तांबे के सिक्के प्रत्येक परिक्रमा वासी द्वारा नर्मदा मैया में डाले जाएंगे। इस नर्मदा दर्शन यात्रा में पंडित जी ने जानकारी देते हुए बताया कि सोहागपुर विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह अपनी मित्र मंडली और प्रशंसकों के साथ इस धार्मिक यात्रा में शामिल होंगे। साधु-संत सहित गणमान्य नागरिकों के साथ अन्य श्रद्धालु नर्मदा परिक्रमा यात्रा में शामिल होंगे। पंडित सोमेश परसाई ने कहा कि नर्मदा परिक्रमा पैदल के साथ साथ बस और वाहन से भी की जाती है। मां नर्मदा परिक्रमा तीर्थ यात्रा का समापन 7 मार्च को होगा इस के बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment