मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने किया गेहूं उपार्जन केन्द्रों का औचक निरीक्षण
परिवहन कार्य, स्टेकिंग और तुलाई कार्य में गति लाने के निर्देश दिए
नर्मदापुरम/ कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने मंगलवार को इटारसी क्षेत्र के गेहूं उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निमसाड़िया समिति द्वारा संचालित उपार्जन केंद्र गोविंद वेयरहाउस ब्यावरा एवं नमामि स्वसहायता समूह द्वारा संचालित उपार्जन केंद्र एचएल वेयरहाउस पहुंचकर उपार्जन कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर श्री मिश्रा ने दोनों केंद्रों पर कार्यरत खरीदी प्रभारियों को निर्देश दिए कि खरीदे गए गेहूं स्कंध के परिवहन कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि केंद्रों पर पर्याप्त स्थान उपलब्ध रहे और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि केंद्र पर पहुंच रहे किसानों की उपज का शीघ्रता से उपार्जन सुनिश्चित किया जाए तथा सूर्यास्त तक तुलाई कार्य निरंतर जारी रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गोदाम स्तरीय केंद्रों पर स्टेकिंग कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तुलाई के उपरांत समिति द्वारा व्यवस्थित स्टेकिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही गोदाम में स्थान कम होने पर परिसर में तुलाई की समुचित व्यवस्था करने के लिए छांव एवं कांटों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने खरीदे गए स्कंध के नियमित एफसीआई को परिवहन के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि केवल एफएक्यू गुणवत्ता वाले गेहूं की ही खरीदी सुनिश्चित की जाए, ताकि गुणवत्ता मानकों का पालन हो सके।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी आपूर्ति अधिकारी श्रीमती नीता कोरी, जिला प्रबंधक मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग वासुदेव दवांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment