मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
इलाज के लिए आर्थिक सहायता, राशन ना मिलने जैसी समस्याओं का हुआ त्वरित निराकरण
कलेक्टर ने जनसुनवाई में 170 आवेदकों की समस्याओं को सुनकर किया उनका समाधान
आवेदकों को मिली आर्थिक सहायता, राशन न मिलने की समस्या का भी मौके पर हुआ निराकरण
वृद्ध आवेदिका को कराई गई आने जाने की सहायता उपलब्ध
नर्मदापुरम/ मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने स्थानीय स्तर एवं सुदूर क्षेत्र से पहुंचे आवेदकों की समस्याओं पर संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित किया। कलेक्टर ने 170 आवेदकों की समस्याओं का समाधान किया। कलेक्टर ने राशन, राजस्व, स्वास्थ, विद्युत, कृषि सहित अन्य विभागों से संबंधित आवेदन की समीक्षा करते हुए उनका समाधान किया।
कलेक्टर ने विभिन्न आवेदकों की समस्या का निराकरण मौके पर ही किया। जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन एडीएम अनिल जैन अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत डिप्टी, संयुक्त कलेक्टर एवं सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह, डिप्टी कलेक्टर डॉ बबीता राठौर, श्रीमती नीता कोरी एसडीएम जय सोलंकी सहित अन्य अधिकारियों ने भी आवेदकों की समस्याओं को सुना।
जनसुनवाई में नर्मदापुरम निवासी श्री शेर सिंह अहिरवार द्वारा अपनी पत्नी के इलाज हेतु आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने का आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कलेक्टर द्वारा रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से 5 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई। इसी प्रकार नर्मदापुरम निवासी श्रीमती दिशा तेजवानी ने अपने पुत्र ओंकार तेजवानी के उपचार हेतु आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से 5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान सिवनी मालवा तहसील के ग्राम सीरूपुरा निवासी वृद्ध आवेदिका श्रीमती नर्मदी बाई ने कृषि भूमि की नक्शा नकल उपलब्ध कराए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम सिवनी मालवा को निर्देशित किया कि वे बुधवार को सुबह 11 बजे आवेदिका से प्रत्यक्ष चर्चा कर उनकी समस्या का निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही कलेक्टर ने वृद्ध आवेदिका को आने-जाने के किराए एवं भोजन-पानी हेतु आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की। कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिले के सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी वृद्ध अथवा दिव्यांग आवेदक अपनी समस्या लेकर जिला मुख्यालय तक परेशान होकर न पहुंचे। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से किया जाए तथा अधीनस्थ अमले को भी इस संबंध में कार्य उन्मुख किया जाए। इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में उपस्थित एक अन्य वृद्ध आवेदिका श्रीमती कृष्णाबाई चौरे ने राशन उपलब्ध कराए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि आवेदिका को तत्काल राशन उपलब्ध कराया जाए।
अनुविभाग, तहसील एवं ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित हो रही जनसुनवाई
कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश अनुसार प्रत्येक अनुविभाग, तहसील एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी जनसुनवाई आयोजित किए जाने के निर्देशों के परिपालन में समस्त स्थान पर संबंधित अधिकारी गणों द्वारा जनसुनवाई आयोजित कर नागरिकों की समस्याएं सुनी गई। इसी क्रम में अनुभाग पिपरिया अंतर्गत खंड स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
जनसुनवाई में एसडीएम पिपरिया द्वारा तहसील पिपरिया में उपस्थित होकर आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं तथा संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार बनखेड़ी खंड स्तरीय जनसुनवाई में तहसीलदार बनखेड़ी द्वारा आवेदकों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। जनसुनवाई के दौरान तहसील पिपरिया में कुल 12 तथा बनखेड़ी में कुल 4 आवेदन प्राप्त हुए। जनसुनवाई में आवेदिका प्रेम बाई द्वारा आयुष्मान कार्ड नहीं बनने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया। इस पर एसडीएम पिपरिया के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आवेदिका का आयुष्मान कार्ड जारी किया गया।

No comments:
Post a Comment