नाबालिक बेटे ने अपने ही घर में चोरी की, कोतवाली पुलिस ने चोरी का किया खुलासा
नर्मदापुरम । पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, एसडीओपी के निर्देशन में पुलिस द्वारा लगातार अपराधों पर अंकुश लगाया जा रहा है। शनिवार को शहर कोतवाली थाना प्रभारी विक्रम रजक ने जानकारी देते हुए बताया कि 9 फरवरी की शाम को पटवारी राकेश यादव निवासी सिद्धेश्वर कालोनी मालाखेड़ी रोड के सुने आवास में अज्ञात चोर के द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया था जिसमें करीबन 4 तोला वजनी सोने के जेवर चोरी कर लिए गए थे। कोतवाली पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत दर्ज कर जांच पड़ताल की और जांच में पाया कि घटना दिनांक को प्रार्थी अपने घर में ताला लगाकर चाबी वहीं पास में रखकर बाहर चले गए थे। वापस लौटने पर प्रार्थी को उसके घर के ताले खुले मिले। जिस पर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने पर पाया कि घटना में किसी परिचित व्यक्ति का हाथ है। उक्त आधार पर प्रार्थी के नाबालिग पुत्र से पूछताछ की गई तो फरियादी के बेटे ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया कि अपने दोस्त के बहकावे में आकर उसने उक्त जेवरो को बेचकर प्राप्त होने वाले रुपयों को ब्याज पर चला कर ज्यादा रुपए कमाने की और पार्टियां करने की योजना बनाई थी। कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी विक्रम रजक ने बताया कि राकेश यादव के चोरी गए जेवरात उन्ही के घर से बरामद हो चुके हैं। वही प्रार्थी राकेश यादव के समक्ष उनके नाबालिग पुत्र की काउंसलिंग कर उसके द्वारा अपने ही घर में चोरी किए गए कृत्य से भविष्य में मिलने वाले दुष्परिणामो से उन्हें अवगत कराया गया। जिस पर बालक के द्वारा अपने कृत्य पर शर्मिंदगी जाहिर की गई एवं भविष्य में उक्त पुनरावृति नहीं किए जाने हेतु अपने परिजनों को आश्वस्त किया गया।
No comments:
Post a Comment