भाजपा सरकार में प्रदेश में महंगाई बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ रहा है--सुरेश पचौरी
जन आक्रोश यात्रा में उमड़ा जन सैलाब, जगह-जगह पर लोगों ने किया यात्रा का भव्य स्वागत
उखाड़ फेंको भ्रष्टाचारी सरकार को, बीजेपी करती है लोगों से झूठे वादे जो पूरे नहीं हुए
मनोज सोनी नर्मदापुरम। कांग्रेस पार्टी द्वारा भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों, झूठी घोषणाओं और उनके द्वारा किए गए भ्रष्टाचार, कमीशन खोरी को लेकर प्रदेश भर में जन आक्रोश रैली निकाली जा रही है। प्रदेश के सात स्थानों से यह यात्रा निकाली जा रही है। कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा को लोगों का भारी जनसमर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है। यात्रा का जगह-जगह पर नागरिकों के द्वारा उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया जा रहा है।
इस दौरान जन आक्रोश यात्रा में भारी भीड़ उमड़ रही है। जन आक्रोश यात्रा पिपरिया , सोहागपुर, माखन नगर, निमसाड़िया, इटारसी से सिवनी मालवा होते हुए गुरुवार को नर्मदा पुरम पहुंची। सातरस्ते के पास उपभोक्ता भंडार के सामने जनसभा का आयोजन किया गया।
जन आक्रोश यात्रा में कांग्रेस ने भाजपा को भ्रष्टाचार पर जमकर लताड़ा। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने कहा कि 18 सालों से भाजपा जमकर भ्रष्टाचार कर रही है। भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध और जनता के मुद्दों को लेकर जन आक्रोश यात्रा प्रदेश भर में निकाली जा रही है। श्री पचौरी ने सभा के संबोधन के दौरान कहा कि केंद्र और राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। यह दोनों ही सरकार हर मोर्चे पर विफल और असफल है। जिससे लोगों में असंतोष और आक्रोश है। इसी के चलते जन आक्रोश यात्रा कांग्रेस द्वारा निकाली जा रही है। जिसका आज समापन नर्मदा पुरम में होगा। जनसभा के पश्चात कांग्रेसियों के द्वारा मां नर्मदा की आरती एवं पूजा की जाएगी।
पूर्व विधायक गिरजा शंकर शर्मा ने कहा की लोग भारतीय जनता पार्टी की सरकार से परेशान हो चुके हैं मेरे साथ हुए अन्याय को लेकर मैंने परिवर्तन की उम्मीद के साथ ही पार्टी को छोड़ा है। परिवर्तन अबकी बार नर्मदा परम जिले में रंग लाएगा। उन्होंने कहा कि अनुशासन ही पहला मंत्र है पार्टी को सफलता दिलाने में अनुशासित होना चाहिए। मुझे पूर्ण भरोसा है कमलनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन, पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा, विधायक संजय शर्मा, पूर्व विधायक सविता दीवान शर्मा, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अखिलेश यादव, कांग्रेस जिला अध्यक्ष पुष्पराज पटेल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता चंद्र गोपाल मलैया, पूर्व जिला अध्यक्ष सत्येंद्र फौजदार, पूर्व नगर अध्यक्ष अजय सैनी ने भी जन सभा को संबोधित किया।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा ने केंद्रीय मंत्री और सांसदों को टिकट दे दिया अब तो कांग्रेस की सरकार बनना तय है। प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी को लेकर नौजवान परेशान है, प्रदेश कंगाल हो गया है। शिवराज सिंह चौहान झूठी घोषणाएं करते हैं । भ्रष्टाचार चरम पर है, कमीशन खोरी चल रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हम महिलाओं को 1500 रूपए हर महीने देंगे। 500 में गैस देंगे। 100 यूनिट बिजली बिल माफ और 200 यूनिट हाफ। किसानों के कर्ज माफ होंगे। कर्मचारियों की पुरानी पेंशन का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही किसानों के मुकदमे वापस होंगे।
जन आक्रोश यात्रा में कांग्रेसियों ने भाजपा को आड़े हाथों लिया। कांग्रेस नेता चंद्र गोपाल मलैया ने कहा कि उज्जैन में मूर्ति लगाने को लेकर भी भ्रष्टाचार हुआ है। हमारे भगवान तक उन्होंने नहीं छोड़ा। यह दुनिया भर की बातें कर रहे हैं, लेकिन रोजगार और विकास की बात नहीं करते। इन्होंने हमारी कांग्रेस सरकार को गिराया है। अब हम पूरी मजबूती के साथ एक बार फिर से मध्य प्रदेश में कांग्रेस का परचम लहराएंगे।
मंच पर बैठने को लेकर भिड़ गए कांग्रेसी
जैसे ही मंच पर सांसद सुरेश पचौरी, रामेश्वर नीखरा , गिरजा शंकर शर्मा आसीन हुए उसके बाद मंच पर बैठने वालों की होड़ लग गई । गौरतलब है कि कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा में शामिल हुए कार्यकर्ताओं में गुटबाजी देखने को नजर आई। इस दौरान कुछ कांग्रेसी नेताओं ने जमकर नारेबाजी की। मंच पर बैठने को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। यह बात जिला मुख्यालय पर जन चर्चा का विषय बनी हुई है।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मोबाइल पर दिया संदेश
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा में शामिल नहीं हो पाए। इसी के चलते उन्होंने अपना संबोधन मोबाइल के माध्यम से देते हुए लोगों से कहा कि आज प्रदेश में परिवर्तन की लहर है लोग भारतीय जनता पार्टी की सरकार से त्रस्त हो चुके हैं। भाजपा ने 2018 में चुनी हुई कांग्रेस की सरकार को खरीद फरोख्त कर गिराया था। उन्होंने कहा कि लोगों में गुस्सा भरा हुआ है ,वह फुटकर सामने आ रहा है। पंजा निशान हमारा उम्मीदवार है इसलिए एक जुट होकर कांग्रेस पार्टी का पूर्ण सहयोग करें, क्योंकि प्रदेश में परिवर्तन की लहर है। रेत माफियाओं द्वारा अवैध उत्खनन कर मां नर्मदा कारण दोहन निरंतर किया जा रहा है इसका पूरा हिसाब लेंगे। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन रही है।


No comments:
Post a Comment