तमाम बीमारियों के मरीजों को जिला अस्पताल में फिजियोथेरेपी से मिल रहा स्वास्थ्य लाभ
सैंकड़ों मरीज हो चुके हैं लाभांवित, विशेषज्ञ डॉ सिखा रहे है अभ्यास
नर्मदापुरम। जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में फिजियोथैरेपी यूनिट में असंचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम एवं वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम मरीजों को लाभ मिल रहा है। तमाम बीमारियों के मरीजों को यहां पर फिजियोथैरेपी विशेषज्ञ डाक्टरों द्वारा फिजियोथेरेपी की जा रही है।
जिसमें प्रमुख रूप से शरीर के कंधे सहित अन्य जोड़ो, हड्डियों के दर्द, मसल्स में होने वाली परेशानियों, लकवा के दौरान अंग के शिथिल होने सहित विभिन्न प्रकार की सर्जरी के पश्चात आवश्यक फिजियोथैरेपी की नि:शुल्क सुविधा जिला अस्पताल में उपलब्ध होने से मरीजों को महंगे प्राइवेट उपचार से राहत मिल रही है।
डाक्टरों का कहना है कि वर्तमान आपाधापी के युग में हर किसी को हड्डियों तथा मसल्स के साथ शरीर में होने वाली विभिन्न परेशानियां उत्पन्न हो रही है। जिससे लोगों की तकलीफ बढ़ती जाती है। ऐसी स्थिति में फिजियोथेरेपी कारगर सिद्ध हो रही है।
अस्पताल में फिजियोथेरिपी के विशेषज्ञ डॉ मौजूद
शासन द्वारा फिजियोथेरेपी यूनिट में अनेक तरह की मशीनें, आईएफटी मसल्स स्टिम्युलेटर, ट्रेक्शन मशीन, एसडब्ल्यूडी, अल्ट्रासाउंड थेरेपी, स्टैटिक बाइसिकल कॉर्डीसेफ़ चेयर जैसी आधुनिक मशीनें स्थापित की गई हैं जिससे फिजियोथैरेपी यूनिट सफलतापूर्वक मरीजों को अपनी सेवाएं प्रदान कर रहा है। सेंटर में डॉ महेंद्र सिंह व डॉ अपेक्षा कानूनगो
फिजियोथैरेपिस्ट के रूप में अपनी सेवा प्रदान कर रहे हैं। आने वाले समय में और स्टाफ बढने की संभावनाएं हैं। फिजियोथैरेपी यूनिट के फिजियोथेरेपिस्ट डॉक्टर सिंह व डॉ कानूनगो ने बताया कि यूनिट में जोड़ों का दर्द, गठिया वात, नसों का दबना, लकबे से पीडित मरीज के साथ ही बच्चों में जन्मजात विकृति, रीढ़ की हड्डी में दर्द, गले में अकड़न, साइटिका, किसी ऑपरेशन के पश्चात अंग में कड़ापन जैसी दिक्कतों के कारण बढ़ने वाली परेशानियों में आवश्यक फिजियोथेरेपी सेवाएं मरीजों को प्रदान की जाती हैं।
बढ़ती जा रही है फिजियोथेरेपी कराने वालों की संख्या
शुरू में 8 से 10 मरीज आते थे जो अब बढ़कर दो दर्जन से अधिक हो गए हैं। पिछले कुछ ही महिनों में हजारों मरीज इस फिजियोथेरेपी माध्यम से स्वास्थ्य लाभ ले चुके हैं। एसके मालवीय रसूलिया निवासी ने बताया कि उनके हाथ की हथेली में तेज दर्द हो रहा था उससे परेशानी हो रही थी फिजियोथैरेपी यूनिट में एक पखवाडे तक नि:शुल्क सेशन लिया और वर्तमान में स्वास्थ्य लाभ मिल चुका हैं। इसी प्रकार कोठीबाजार के एके शर्मा के पैर में तकलीफ थी उन्होंने कुछ दिन फिजियोथेरेपी की मदद ली तथा यहां डाक्टरों द्वारा बताए गए अभ्यास से परेशनी दूर हो गई। हाउसिंग बोर्ड के बीआर शर्मा ने बताया कि उनका बायां हाथ नहीं उठता था, कंधे से लेकर हथेली तक दर्द होता था। पिछले माह से फिजियोथैरेपी यूनिट में इलाज लेने से काफी सुधार होने लगा है। ऐसे ही अनेक महिला और पुरूषों को फिजियोथैरेपी यूनिट में इलाज लेने से फायदा हुआ है।
जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ दिनेश देहलवार ने बताया कि शासन द्वारा फिजियोथैरेपी यूनिट के संचालन हेतु आधुनिक मशीनों एवं कुशल चिकित्सकीय स्टाफ से इसका लाभ आम जनता को मिल रहा है जो की पूरी तरह से निःशुल्क है।
मनोज सोनी एडिटर इन चीफ


No comments:
Post a Comment