आरओ वॉटर प्लांट में जल गुणवत्ता की जांच के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करें: संभागायुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी
आंगनबाड़ियों के संचालन की निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें
मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए
उपार्जित स्कंद का सुरक्षित परिवहन,भंडारण एवं भुगतान सुनिश्चित किया जाए
संभागायुक्त श्री तिवारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान कलेक्टर्स को दिए निर्देश
एके एन न्यूज़ नर्मदापुरम। नर्मदापुरम संभागायुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी ने सोमवार को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नर्मदापुरम संभाग के तीनों जिलों में शांति एवं कानून व्यवस्था तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। संभागायुक्त श्री तिवारी ने नर्मदापुरम संभाग के तीनों जिले के कलेक्टर्स को निर्देशित किया है कि आने वाले माह में जिलों में विभिन्न त्योहार एवं पर्वों को मनाया जाएगा जिन्हें दृष्टिगत रखते हुए सभी अनुविभाग स्तर पर कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जाए।
संभागायुक्त ने निर्देश दिए की वित्तीय वर्ष समाप्ति के शेष दिवसों में और अधिक बेहतर कार्य करें। जिन राजस्व क्षेत्र में वसूली या लक्ष्य पूर्ति की संभावना हो उन क्षेत्रों में विशेष तौर पर प्रगति लाई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि आरसीएमएस के सभी घटकों में तीनों जिलों को अधिक सक्रियता दिखाने की आवश्यकता है।
कॉन्फ्रेंस के दौरान कमिश्नर श्री तिवारी ने निर्देशित किया कि संभाग के सभी शासकीय विभागों में समस्त फाइलों का आदान-प्रदान ई-ऑफिस प्रणाली के तहत ही किया जाए। उन्होंने कहा कि जितने विभाग ऑन बोर्ड होने के लिए शेष रह गए हो वे सभी एनआईसी की सहायता से अगले 1 सप्ताह के भीतर ऑन बोर्डिंग व्यवस्था सुनिश्चित करें। कमिश्नर श्री तिवारी ने यह निर्देश भी दिए कि जिन भी फाइलों का ई ऑफिस के तहत आदान प्रदान किया जा रहा है उनमें संलग्न दस्तावेज पूर्ण रूप से स्कैन किए जाएं।
कमिश्नर श्री तिवारी ने सभी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया की जल जीवन मिशन योजना पर और अधिक फोकस करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सभी जिला पंचायत सीईओ इस संबंध में नियमित रूप से समीक्षा करें। जल जीवन मिशन के तहत नल जल योजना के कनेक्शन किए जाने में प्रगति लाई जाए। उन्होंने यह निर्देश भी दिए की अनु विभाग स्तर पर ग्रीष्मकाल में निर्बाध पेयजल व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए बैठक आयोजित कर ली जाएं तथा उनकी जानकारी संभागायुक्त कार्यालय में प्रस्तुत किया जाना सुनिश्चित करें।
संभागायुक्त श्री तिवारी ने निर्देश दिए हैं कि शहरों में संचालित होने वाले आरओ वॉटर प्लांट का सघन निरीक्षण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को एक ठोस कार्ययोजना तैयार कर पानी के सैंपल एकत्रित करने और उनकी निर्धारित मानकों के अनुसार टेस्टिंग करवाने के निर्देश दिए हैं। संभागायुक्त ने कहा कि पानी की गुणवत्ता जनता के स्वास्थ्य से सीधे जुड़ी हुई है, इसलिए सभी आरओ वॉटर प्लांट की नियमित जांच अत्यंत आवश्यक है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान संभागायुक्त श्री तिवारी ने मछुआ समृद्धि योजना के तहत कम प्रगति होने पर हरदा कलेक्टर को निर्देशित किया कि झींगा पालन, मत्स्य बीज संवर्धन योजना के तहत स्थिति को सुधारा जाए। उन्होंने सभी कलेक्टर्स को निर्देशित किया कि शान द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य न करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही भी की जाए।
कमिश्नर श्री तिवारी ने तीनों जिलों के कलेक्टर्स को निर्देशित किया कि खनिज वसूली के लिए शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य को पूर्ण किया जाए साथ ही खनिज विभाग से जुड़े हुए सभी 6 घटकों में आवश्यक कार्यवाही करना भी सुनिश्चित करें। उन्होंने अपर कलेक्टर्स को निर्देशित किया कि इस संबंध में नियमित फॉलो अप एवं समीक्षा की जाती रहे।
संभागायुक्त श्री तिवारी ने निर्देश दिए हैं कि संभाग में 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग वाले वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य समय सीमा में पूर्ण किया जाए। संभागायुक्त ने यह निर्देश भी दिए कि यदि शासन द्वारा उपलब्ध करवाए गए लक्ष्यों और जिलों में निर्धारित किए गए लक्ष्यों में कोई अंतर हो, तो उसे तत्काल सुधारते हुए आवश्यक समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि आयुष्मान कार्ड निर्माण प्रक्रिया में आ रही आधार कार्ड एवं आयु संबंधित समस्या का भी त्वरित निराकरण किया जाए, ताकि अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को योजना का लाभ प्राप्त हो सके।
संभागायुक्त ने निर्देश दिए हैं कि आंगनबाड़ियों के संचालन की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आंगनबाड़ियां शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार तय समय पर खुल रही हैं या नहीं इसका भी परीक्षण करें। संभागायुक्त ने कहा कि संबंधित अधिकारी नियमित रूप से भ्रमण कर आंगनबाड़ियों का निरीक्षण करें और संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही न होने दें। उन्होंने अधिकारियों को इस संबंध में पूरी सतर्कता बरतने और आवश्यकता अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वीडियो कांफ्रेंस के दौरान कमिश्नर श्री तिवारी ने उपार्जन के संबंध में सभी कलेक्टर्स को निर्देशित किया की खरीदी केंद्रों पर आवश्यक एवं बुनियादी सुविधाओं को पुख्ता रखा जाए साथ ही बारिश की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए उपार्जित स्कंध का सुरक्षित परिवहन एवं भंडारण भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम स्थापित कर उपार्जन के विरुद्ध उपार्जित स्कंद की भुगतान की स्थिति की भी सतत रूप से मॉनिटरिंग करवाए तथा उपार्जन प्रक्रिया की गति भी बढ़ाई जाए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान हरदा कलेक्टर आदित्य सिंह, बैतूल कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, सीईओ जिला पंचायत नर्मदापुरम सौजान सिंह रावत, ऑनलाइन एवं उपायुक्त राजस्व गणेश जायसवाल, संयुक्त आयुक्त विकास जी सी दोहर ऑफलाइन उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment