एके एन न्यूज नर्मदा पुरम
पिचिन निर्माण कर रही ठेका कंपनी पर अवैध उत्खनन का आरोप, की कार्यवाही की मांग
मंडल अध्यक्ष सहित पदाधिकारीयों ने खनिज अधिकारी को सौंपा शिकायती पत्र
नर्मदापुरम। सर्किट हाउस के पीछे स्थित कंकर घाट पर पिचिन निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस पिचिन का निर्माण कर रही भोपाल की कंपनी कंकर घाट की पत्थर बजरी खोदकर अवैध उत्खनन का कार्य कर रही है साथ ही पिचिन निर्माण कार्य में यहां से खोदी जा रही, कंकर बजरी का उपयोग सरेआम किया जा रहा है। यह बात संभागीय मुख्यालय पर जनचर्चा का विषय बनी हुई है।
निर्माण कंपनी द्वारा किए जा रहे इस अवैध उत्खनन की शिकायत भाजपा मंडल अध्यक्ष रूपेश राजपूत ने सोमवार को जिला खनिज अधिकारी को शिकायती पत्र देकर ठेकेदार पर कार्यवाही की मांग की है। इस दौरान मशीनों से हो रहे अवैध उत्खनन के वीडियो और फोटोग्राफ्स भी जिला खनिज अधिकारी को दिए गए है।
मंडल अध्यक्ष के साथ पूर्व नपाध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल, भाजपा मनीष परदेशी सुंदरम अग्रवाल भी मौजूद रहे। भाजपा मंडल अध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि कंकर घाट का प्राकृतिक स्वरूप लुड़िया पत्थरों से बना हुआ है इस घाट के पत्थर बाढ़ का पानी भी शहर में घुसने से रोकते है लेकिन इस प्राकृतिक स्वरूप को पिचिन निर्माण कर रहे ठेकेदार द्वारा सरे आम मशीनों से माँ नर्मदा का किनारा खोदकर अवैध उत्खनन किया जा रहा है। जबकि शासन द्वारा नर्मदा नदी में मशीनों से उत्खनन प्रतिबंधित है। इस दौरान जिला खनिज अधिकारी ने भी इस मामले की जांच कराकर पिचिन निर्माण एजेंसी पर अवैध उत्खनन की कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।

No comments:
Post a Comment