मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
सड़क हादसों में घायलों की करें त्वरित मदद: कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना
दुर्घटना के बाद गोल्डन आवर के पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाने पर होंगे पुरस्कृत कहलाएंगे राहवीर
नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश शासन द्वारा मोटर वाहन से जुड़ी गंभीर दुर्घटना के पीड़ित को तत्काल सहायता प्रदान करके और दुर्घटना के बाद महत्वपूर्ण गोल्डन आवर के भीतर चिकित्सा उपचार प्रदान करने के लिए अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाकर पीड़ित की जान बचाने वाले को राहवीर योजना के तहत पुरस्कार राशि प्रदान की जाती है। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने जिले वासियों से अपील की है कि योजना के तहत घायलों की सहायता करें तथा महत्वपूर्ण समय में उन्हें अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाए।
इस प्रक्रिया के दौरान सहायता करने वाले व्यक्ति को किसी भी प्रकार की पुलिस कार्यवाही का सामना नहीं करना पड़ेगा। सहायता करने वाले व्यक्ति को योजना के तहत पुरुस्कृत भी किया जायेगा। योजना का उद्देश्य आम जनता को नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र के माध्यम से आपातकालीन स्थिति में सड़क दुर्घटना के पीड़ितों की मदद करने और उनका मनोबल बढ़ाने के लिए प्रेरित करना है। इसके साथ ही सड़क दुर्घटना के पीड़ितों की जान बचाने के लिए दूसरों को भी प्रेरित और प्रोत्साहित करना है।
योजना के तहत कोई भी व्यक्ति जिसने मोटर वाहन से जुड़ी किसी गंभीर दुर्घटना के पीड़ित को तत्काल सहायता प्रदान करके तथा दुर्घटना के बाद गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचकर चिकित्सा उपचार प्रदान करके उसकी जान बचाई हो वह पात्र होगा जिसे जिला स्तर पर मूल्यांकन के पश्चात इनाम प्रदान किया जाएगा। मोटर यान अधिनियम की धारा 2 (12क) के अनुसार "गोल्डन आवर" का तात्पर्य किसी गंभीर चोट के बाद एक घंटे की वह अवधि, जिसके दौरान शीघ्र चिकित्सा देखभाल प्रदान करके जीवन बचाने की सबसे अधिक संभावना होती है।
गंभीर दुर्घटनाः मोटर वाहन से जुड़ी कोई भी सड़क दुर्घटना जिसके परिणामस्वरूप पीड़ित को उपचार के दौरान निम्नलिखित में से कोई भी स्थिति उत्पन्न हुई हो और अस्पताल द्वारा मृत्यु/ गंभीर स्थिति का प्रमाण पत्र जारी किया गया हो। बड़ी सर्जरी होना, कम से कम तीन दिन अस्पताल में भर्ती रहना, मस्तिष्क की चोटें, रीढ़ की हड्डी की चोटें, उपचार के दौरान पीड़ित की मृत्यु।
वित्तीय पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र: प्रत्येक राह-वीर (गुड समेरिटन) के लिए पुरस्कार राशि प्रति घटना 25,000/- रुपये होगी, जो निम्नलिखित प्रावधानों के अधीन होगी। यदि एक राह-वीर मोटर वाहन से जुड़ी एक गंभीर दुर्घटना में एक या अधिक पीड़ितों की जान बचाता है, तो पुरस्कार राशि 25,000/- रुपये मात्र होगी। यदि एक से अधिक राह-वीर (गुड समेरिटन) मोटर वाहन से जुड़ी किसी गंभीर दुर्घटना में एक पीड़ित की जान बचाते हैं, तो पुरस्कार राशि 25,000/-रुपये उनके बीच बराबर-बराबर बाँटी जाएगी।
यदि एक से अधिक राह-वीर (गुड समेटिटन) मोटर वाहन से जुड़ी किसी गंभीर दुर्घटना में एक से अधिक पीड़ितों की जान बचाते हैं, तो पुरस्कार राशि प्रति बचाए गए पीड़ित व्यक्ति के लिए 25,000/- रुपये होगी, जो प्रति राह-वीर अधिकतम 25,000/- रुपये होगी। प्रत्येक पुरस्कार के साथ एक सराहना प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
राहवीर योजना के तहत, अस्पताल/पुलिस स्टेशन राह-वीर को अनावश्यक रूप से रोक कर नहीं रख सकते। घायल होने के पहले महत्वपूर्ण घंटे यानी 'गोल्डन आवर' में पीड़ित के बचने की संभावना बढ़ाने के लिए आसपास के लोगों की सहायता ज़रूरी है।

No comments:
Post a Comment