मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
मां नर्मदा प्रकटोत्सव-
समस्त विभाग कार्यक्रम की तैयारी निर्धारित समय सीमा में पूरी करें: कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना
हर ग्राम पंचायत तक पहुंचे संकल्प से समाधान अभियान, ग्राउंड लेवल अमला भी किया जाए सक्रिय
विभागीय योजनाओं, नवाचारों एवं सफलताओं पर केंद्रित हो गणतंत्र दिवस पर तैयार की जाने वाली प्रदर्शनियां
समय सीमा की बैठक के दौरान कलेक्टर ने पर्वों, आयोजनों विभागीय योजनाओं सहित अन्य कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश
नर्मदापुरम/ कलेक्टर ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में नर्मदा प्रकटोत्सव, चौरागढ़ मेला, तिलक सिंदूर मेला, गणतंत्र दिवस की तैयारियां, संकल्प से समाधान अभियान, धान उपार्जन, आनंद उत्सव, सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, समय-सीमा प्रकरण, न्यायालयीन मामलों तथा मुख्य सचिव समीक्षा वीसी के बिंदुओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि नर्मदा प्रकटोत्सव की सभी तैयारियां समय-पूर्व पूर्ण की जाएं। जल मंच का सौंदर्यकरण, साफ-सफाई, सर्किट हाउस घाट की मरम्मत तथा आयोजन के दौरान होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाए। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की तैयारियां मुख्यमंत्री की संभावित उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए उच्च स्तर पर की जाएं तथा हेलीपैड से सर्किट हाउस और जल मंच तक रूट चार्ट चिन्हित किया जाए। ईई पीडब्ल्यूडी को सर्किट हाउस व घाट पर आवश्यक मरम्मत व व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा जिला कमांडेंट होमगार्ड को जल मंच पर पर्याप्त लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। एडीएम राजीव रंजन पांडे को कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कलेक्टर ने चौरागढ़ मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए एसडीएम पिपरिया को निर्देशित किया कि पार्किंग व दुकानों की नीलामी हेतु विधिवत निविदाएं आमंत्रित कर आगे की कार्रवाई करें। महाशिवरात्रि के अवसर पर तिलक सिंदूर मंदिर में लगने वाले मेले को लेकर कलेक्टर सुश्री मीना ने एसडीएम इटारसी को मंदिर पहुंच मार्ग व सीढ़ियों की मरम्मत पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर समिति के साथ बैठक कर समन्वयपूर्वक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया गया।
उन्होंने 26 जनवरी को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, झांकियों को तैयार किए जाने के लिए भी विषयवार निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए की गणतंत्र दिवस समारोह के लिए विभागों द्वारा तैयार की जाने वाली झांकियां केवल औपचारिकता मात्र ना हो अपितु विभागीय योजनाओं नवाचारों, सफलता की कहानियों पर केंद्रित हो। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अव्वल स्थान प्राप्त करने के उद्देश्य से ही झांकियां तैयार करें।
कलेक्टर ने संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों में अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने तथा आवेदनों का समय-सीमा में निपटारा सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने समस्त एसडीएम को नियमित रूप से शिविरों के आयोजन तथा शिविरों के माध्यम से अधिकाधिक आवेदनों को दर्ज कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का पोर्टल पर अद्यतन अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि अभियान की प्रगति पारदर्शी एवं प्रभावी रहे। उन्होंने अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों की योजनावार समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि ग्राउंड लेवल अमले को पूरी तरह सक्रिय किया जाए तथा अभियान का क्रियान्वयन प्रत्येक नगरीय निकाय एवं ग्राम पंचायत में ज़मीनी स्तर पर सुनिश्चित हो। कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान अवधि में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। साथ ही उन्होंने आगामी दो दिवसों में अभियान के अंतर्गत उल्लेखनीय प्रगति प्राप्त करने के निर्देश भी दिए।
समय सीमा की बैठक के दौरान जिला आपूर्ति अधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि जिले में संचालित धान खरीदी के तहत अब तक लगभग 22183 किसानों ने 259660 मेट्रिक टन स्कंध का उपार्जन किया गया है। जिसमें से 252523 मेट्रिक टन स्कंध का सफल परिवहन किया जा चुका है तथा 560.74 करोड रुपए के ईपीओ जनरेट किए जा चुके हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए की शेष रेडी टू ट्रांसपोर्ट धान का परिवहन कर शेष किसानों को भुगतान किया जाना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने आनंद उत्सव की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए की सभी सीईओ एवं सीएमओ पोर्टल पर आवश्यक रूप से पंजीयन करें। उन्होंने निर्देश दिए की सभी एसडीएम आनंद उत्सव के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का आयोजन जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सुनिश्चित करें साथ ही संकल्प से समाधान अभियान की बैठक जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कर अभियान की रूपरेखा से सभी को अवगत कराएं। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि आनंद उत्सव के तहत किया जा रहे कार्यक्रमों में पत्रकार बंधुओ की भी उपस्थित दर्ज करवाई जाए।
उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के तहत लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए राजस्व, वन, श्रम, एलडीएम आदि विभागों के प्रदर्शन पर असंतोष व्यक्त करते हुए निर्देशित किया कि सभी अधिकारी शिकायतों के समाधान में अपेक्षित प्रगति दर्ज करे। इसी प्रकार कलेक्टर ने समय सीमा के लंबित मामलों के निराकरण में भी गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसुनवाई के लंबित मामलों की प्रकरणवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया की पुरानी शिकायतों पर विशेष रूप से फोकस करते हुए एक सप्ताह के भीतर उनका निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रभारी अधिकारी जनसुनवाई को पूर्व में जारी किए गए नोटिस के जवाब तथा निराकृत आवेदनों की विस्तार पूर्वक जानकारी बनाकर प्रस्तुत किए जाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, एडीएम राजीव रंजन पाण्डे, अपर कलेक्टर अनिल जैन, बृजेंद्र रावत सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment