मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
लाखों श्रद्धालु ने किये भगवान भोलेनाथ के दर्शन, महाशिवरात्री पर्व को देखते हुए प्रशासन सतर्क
पचमढ़ी मेला में चिकित्सा अधिकारी-कर्मचारी श्रद्धालुओं को दे रहे उपचार
आपदा प्रबंधन दल मेले में मुस्तैदी से तैनात, श्रद्धालुओं की हर संभव सहायता के लिए तत्पर
नर्मदापुरम// ऊंचे पहाड़ दुर्गम रास्ते और रास्तों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतार। यह मनोरम दृश्य है मध्य प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी के प्रसिद्ध चौरागढ़ स्थल का जहां पर महाशिवरात्रि पर्व के लिए लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ अपने आराध्य भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने निरंतर आगे बढ़ रही है। कठिन चढ़ाई होने के बावजूद भक्त पूरी श्रद्धा एवं आस्था के साथ दुर्गम मार्ग को पार कर मंदिर पहुंच रहे है। भक्तों के आवागमन का यह क्रम रात्रि में भी सतत रूप से चालू है। दुर्गम रास्तों पर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर उन्हें राहत प्रदान की जा रही है। जगह जगह पर स्वास्थ्य कैंप, खोया पाया केंद्र, कंट्रोल रूम, सहायता केंद्र स्थापित कर श्रद्धालुओं को मार्ग में आने वाली समस्याओं का समाधान करवाया जा रहा है।
पचमढ़ी में 06 से 15 फरवरी 2026 तक महाशिवरात्रि मेला आयोजित किया गया है। इस दौरान श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए विभिन्न मेला स्थलों चौरागढ़, नांदिया जंक्शन, अंडरपास, बीड़, बड़ा महादेव, नांदिया ग्राम, जटाशंकर इत्यादि पर मेडिकल टीम तैनात की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मेले में विभिन्न स्थलों पर डॉक्टर्स, पैरामेडिकल स्टाफ, ऑक्सीजन सिलेंडर, स्ट्रेचर और जीवनरक्षक दवाइयों के साथ मेडिकल टीम तैनात है। श्रद्धालुओं को प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इसके अलावा मेले में एम्बुलेंसों भी तैनात की है, जो गंभीर मरीजों को अग्रिम उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पचमढ़ी भेजती हैं। मेले के दौरान अधिकांश मरीज हाथ-पैर दर्द, बुखार, श्वांस लेने में तकलीफ, घबराहट और डिहाइड्रेशन के कारण उपचार के लिए आ रहे हैं।
आपदा प्रबंधन की टीम द्वारा भी बीमार एवं घायल श्रद्धालुओं को तत्परता से नजदीकी हेल्थ कैंप अथवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचा जा रहा है जिससे उन्हें समय पर उपचार दिया जा सके। प्राप्त जानकारी के अनुसार छिंदवाड़ा निवासी रवि जथुराया को प्रवेश द्वार पर चोट आने पर डी पी प्वाइंट मेडिकल कैंप तक प्राथमिक उपचार दिलाया गया। सकरी पुलिया पर एक व्यक्ति के गंभीर रूप से बीमार हो जाने पर स्ट्रेचर की मदद से डी पी पॉइंट तक तथा एंबुलेंस से पचमढ़ी अस्पताल भेजा गया। इसी प्रकार एनडीआरएफ टीम द्वारा अमरावती निवासी बबनराव चांदने को चोरागढ़ से बीड पॉइंट एवं अस्पताल रेफर किया गया। साथ ही आपदा प्रबंधन टीम द्वारा चौरागढ़ से एक बुजुर्ग को ऑक्सीजन की कमी के कारण पचमढ़ी अस्पताल उपचार के लिए भेजा गया।
मेले में खोया पाया केंद्र भी सतत रूप से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए संचालित है तथा अपने स्वजनों से बिछड़े हुए लोगों को मिलने के लिए सतत रूप से प्रयास कर रहा है मेले में लगभग 6 वर्षीय नित्या को उनके पिता अनूप रत्ने से खोया पाया केंद्र ने सकारात्मक रूप से प्रयास कर मिलाया।


No comments:
Post a Comment