मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
सभी अधिकारी जनसेवा और सुशासन को प्राथमिकता से अपनाएं: कलेक्टर सोमेश मिश्रा
अपने अधिनस्थों के साथ टीम भावना, समन्वय और सोहाद्र से करें कार्य
कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की परिचयात्मक बैठक ली
नर्मदापुरम// कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने पदभार ग्रहण करने के उपरांत सोमवार को कलेक्टर कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की परिचयात्मक बैठक ली। बैठक के दौरान उन्होंने शासन की योजनाओं का लाभ जिले के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने के लिए सभी अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि नागरिक सेवा को सर्वोपरि रखते हुए आमजन की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनें तथा उन्हें सरल एवं संतोषजनक तरीके से समाधान प्रदान करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी विभाग में लापरवाही एवं अधीनस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ खराब व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समन्वय, सौहार्द एवं टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा जताई। साथ ही कहा कि शासन की योजनाओं का सफल क्रियान्वयन और नागरिक सेवा ही हम सभी का मूल उद्देश्य होना चाहिए। सभी अधिकारी-कर्मचारी पूर्ण कार्य दक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। यह न केवल नियमों का पालन है, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, एडीएम अनिल जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत, संयुक्त कलेक्टर देवेंद्र सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती सरोज परिहार, श्रीमती नीता कोरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment