मनोज सोनी एडिटर इन चीफ मध्यप्रदेश
भगवान बिरसा मुंडा की 151 वी जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का हुआ सजीव प्रसारण
स्कूली बच्चों की जनजातीय लोकनृत्य प्रस्तुतियों ने मोहा मन
जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को किया गया हितलाभ वितरण एवं मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
एके एन न्यूज नर्मदापुरम/ जन-नायक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151 वी जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में शासकीय सांदीपनि विद्यालय परिसर, सुखतवा में जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान धार जिले के डही में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और प्रदेशवासियों को संबोधित किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए।
जिला स्तरीय समारोह भगवान बिरसा मुंडा के त्याग, संघर्ष, अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण करने के साथ ही जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं गौरवशाली विरासत को समर्पित रहा। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के अद्वितीय साहस, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके बलिदान पर अपने विचार व्यक्त किए।
प्रधानमंत्री ने जनजातीय गौरव दिवस को बताया राष्ट्रीय उत्सव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि 15 नवंबर 2021 से जनजातीय गौरव दिवस मनाने की जो शुरुआत हुई थी, आज वह एक राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। पिछले वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर देशभर में 2 लाख से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें करोड़ों देशवासी सहभागी बने।
उन्होंने कहा कि आज हमारा आदिवासी एवं जनजातीय समाज देश की प्रगति में बढ़-चढ़कर योगदान दे रहा है। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर भी जनजातीय समाज की बेटी महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू विराजमान हैं, जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा से प्रेरणा लेकर विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए सभी को अपनी पूरी ऊर्जा लगानी चाहिए। जनजातीय गौरव दिवस पूरे देश का गर्व और स्वाभिमान है। इसे प्रत्येक वर्ष पहले से अधिक उत्साह और व्यापकता के साथ मनाते हुए नए संकल्प लेने तथा निर्धारित समय-सीमा में उन्हें पूरा करने के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में लोगों की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि यह उत्साह और उमंग ही जनजातीय गौरव दिवस की आन-बान और शान है।
जनजातीय लोकनृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत जनजातीय लोकनृत्य रहे। शासकीय सांदीपनि विद्यालय सुखतवा की कक्षा पांचवीं की छात्राओं ने आकर्षक जनजातीय नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं शासकीय जनजातीय कन्या आश्रम चूरना एवं शासकीय सांदीपनि विद्यालय सुखतवा की कक्षा सातवीं एवं आठवीं की छात्राओं ने पारंपरिक आदिवासी कर्मा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी।
छात्राओं ने अपने नृत्य के माध्यम से जनजातीय जीवनशैली, सांस्कृतिक परंपराओं और समृद्ध विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की। उनकी शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और दर्शक तालियां बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन करते नजर आए।
हितग्राहियों को हितलाभ वितरण एवं मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
समारोह के दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया। अभिषेक जाटव को संत रविदास स्वरोजगार योजना अंतर्गत लाभांवित किया गया। इसी प्रकार कक्षा की 10th सिद्धि साहू को 94% एवं कक्षा 12th के आदित्य बारस्कर को 84% प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेके लिए सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं एवं गौरवशाली विरासत के संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया गया। इसी प्रकार राज्य स्तर पर खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी मंच से सम्मानित किया गया।
ये रहे उपस्थित गंगाराम कलमे जनपद अध्यक्ष, सरपंच सुखदेव इरपाचे, सुशील बरकडे, मुकेश चंद्र मैना, श्रीमति ज्योति चौरे, प्रशान्त दीक्षित, राजेश गौड़ जगदीश बावरिया अजय साहु, अशोक साहु, रामकिशोर यादव, प्नमेस मालवीय राजेश गौर, सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment