भव्य शोभायात्रा के साथ राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी का दिव्य अभिषेक एवं शतचण्डी यज्ञ शुरू
स्थानीय दांगी घाट पर होंगे तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन
नर्मदापुरम। स्थानीय नर्मदा कालोनी शांति कुटी दांगी घाट पर तीन दिवसीय श्री राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी का दिव्य अभिषेक, पूजन अर्चन, प्रवचन एवं शतचण्डी यज्ञ की शुरूआत भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुई। शोभायात्रा शुक्रवार सुबह 7.30 बजे विवेकानंद घाट से निकाली गई, जिसमें त्रिपुरसुंदरी माँ राजराजेश्वरी एवं माँ नर्मदा के अनन्य साधक स्वामी षण्मुखानन्द महाराज (हीरापुर वाले) बग्गी में सवार होकर शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं एवं भक्तजन मौजूद रहे। जो मुख्य मार्ग से होते हुये दांगी घाट पहुंची। इसके उपरांत शांति कुटी दांगी घाट में श्री राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी का दिव्य अभिषेक के साथ ही शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां छोड़ी। पूजन, अर्चन उपरांत शाम 4 बजे से भागवत किंकर पं. कृष्णकांत शास्त्री वृंदावन धाम के तीन अजामिल उपाख्यान पर प्रवचन दिये। इसके उपरांत पूज्य संत षणमुखानंद महाराज ने आर्शीवचन देते हुए कहा कि आजादी से बड़ा सुख दुनिया में कोई नहीं, अपने बेटा-बेटी उन्नति करें, तो माता-पिता और भगवान को भी खुशी होती है।
कार्यक्रम आयोजक एवं समाजसेवी लायन डीएस दांगी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में तपस्या और साधना का सबसे ज्यादा महत्व है। षणमुखानंद महाराज तपस्वी और साधक संत है, हम लोगों का सौभाग्य है कि उनके दर्शन यहां कर पा रहे हैं। वह ज्ञान, भक्ति और कर्म के त्रिवेणी संगम हैं और माँ नर्मदा के अनन्य साधक है, जिनके मार्गदर्शन यह आयोजन किया जा रहा है। श्री दांगी ने बताया कि माँ भगवती, पराम्बा, त्रिपुरसुंदरी माँ राजराजेश्वरी एवं पुण्य सलिला माँ नर्मदा के अनन्य साधक गुरुदेव श्री श्री श्री स्वामी जी षण्मुखानन्द महाराज (हीरापुर वाले) के करकमलों द्वारा शांति कुटी दांगी घाट में दिव्य अभिषेक, पूजन अर्चन, प्रवचन एवं शतचण्डी यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर केएस राजपूत, कौशलेश तिवारी, नलिन पटेल, प्रताप सिंह राजपूत, राजेश गौर, राकेश चौहान, नंदकिशोर रघुवंशी, कमल चौधरी, हेमंत चौधरी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment