असामाजिक तत्वों में वर्दी का खौफ खत्म
गुंडों ने सरेआम पुलिस कर्मी को जड़ा थप्पड़ घटना सीसीटीव्ही कैमरे में कैद चार दिन बाद भी कोई एक्शन नहीं
नर्मदा पुरम। वह दौर अब नहीं रहा जब पुलिस से ज्यादा उसका डर काम करता था। आम आदमी के मन में पुलिस की वर्दी के प्रति सम्मान और भय भले ही बरकरार हो लेकिन गुंडों बदमाशों में पुलिस का डर खत्म हो चुका है। यही कारण है कि असामाजिक तत्व अब आमजन तो क्या पुलिस कर्मियों पर भी खुलेआम हमला करने लगे हैं। यह बात जिला मुख्यालय के चौक चौराहों पर जनचर्चा का विषय बनी हुई है।
ऐसा ही एक मामला गांधी पार्क के पास गणेश चतुर्थी के दिन घटित हुआ जब दो बदमाशों ने एक पुलिस कर्मी से सरेआम बदसलूखी की और जड़ा थप्पड़ । ताज्जुब की बात तो यह है कि घटना के चार दिन बाद भी हेड कांस्टेबल के इस मामले में कोई एक्शन नहीं लिया गया है। वारदात गणेश चतुर्थी के दिन की है जब गांधी पार्क के पास सुबह 4:30 बजे गणपति जी की मूर्ति स्थापित की जा रही थी।
इसी दौरान बालागंज निवासी तरूण और अन्य युवक गणेश पंडाल के पास आए। प्रतिमा स्थापित करने वाले लोगों से विवाद करने लगे। विवाद बढ़ गया तो झांकी समिति के लोगों ने डायल 100 को कॉल किया। डायल 100 मौके पर पहुंची तब तक सूचना कोतवाली थाने भी पहुंच चुकी थी। वहां से क्षेत्र के बीट प्रभारी शैलेंद्र भी अपनी बाइक से घटनास्थल पहुंचे और विवाद को शांत करने की कोशिश की। इसी दौरान बालागंज से आए दो युवकों ने तलवार लहराई और वहां मौजूद लोगों से गाली गलौज कर उन्हें धमकाया। पूरी घटना वहां पर लगे कैमरे में कैद है।
गौरतलब है कि पुलिस कर्मी शैलेद्र ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो युवकों ने पुलिस कर्मी के साथ ही अभद्र व्यवहार किया। बताया जाता है कि दोनों आरोपी पुलिस थाने के आधा किलोमीटर दूर ही निवास करते हैं, लेकिन घटना के चार दिन बाद भी पुलिस ने इस मामले में कोई एक्शन नहीं लिया है। शहर में इन दिनों कानून व्यवस्था की स्थिति देखी जाए तो ठीक ठाक नहीं चल रही है। आये दिन कोई न कोई घटना घटित हो रही है। पुलिस के अफसरों का अपराधियों पर खौफ कम होता जा रहा है जिसके कारण असामाजिक तत्वों के हौसले दिनों दिन बुलंद होते जा रहे है। इधर पुलिस कर्मी शैलेन्द्र का कहना है कि इस पूरी घटना की जानकारी कोतवाली प्रभारी को तत्काल दी गई थी उनके आश्वासन के बाद आरोपी की तलाश भी की जा रही है।
मामला सीसीटीव्ही कैमरे में कैद
सूत्रों की माने तो यह पूरी घटना सीसीटीव्ही कैमरे में कैद है। जहाँ हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र के साथ अभद्र व्यवहार किया गया है। शैलेन्द्र बर्दी में था और आरोपी उसके साथ र्दुव्यवहार कर रहे थे। बता दें कि उक्त घटना स्थल पर शैलेन्द्र खुद मोटर साईकिल से पहुंचा था और उसने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश भी की थी। लेकिन तरूण ने शैलेन्द्र के साथ अभद्र व्यवहार किया और दूसरा साथी तलवार लहराता रहा। घटना स्थल पर काफी संख्या में भीड़ एकत्रित थी लेकिन किसी ने भी आरोपियों को पकड़ने में मदद नहीं की शैलेन्द्र बहुत देर तक आरोपियों से जूझता रहा और वहाँ मौजूद लोग तमाशा देखते रहे लेकिन जांबाज पुलिस कर्मी आरोपियों से डटा नहीं जिसकी मदद के लिए वह वहाँ पहुंचा था वही लोग मुकदर्शक बने रहे।
इनका कहना
इस घटना को सीसीटीव्ही कैमरे में देखा गया है। इस मामले की अन्य अधिकारी भी जांच कर रहे है।
गोपाल पाल, एस आई,
कोतवाली नर्मदापुरम इस मामले में आरोपी के खिलाफ गैर जमानती धारा के तहत धारा 327 और 323 व अन्य धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी तरूण व अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
नंदलाल झड़बड़े, एस आई,
कोतवाली नर्मदापुरम

No comments:
Post a Comment