मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
मिशन शक्ति अंतर्गत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना में कैरियर परामर्श सत्र आयोजित
नर्मदापुरम/ कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति अंतर्गत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत परियोजना माखननगर में कैरियर परामर्श सत्र का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं को भविष्य की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक अवसरों के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पार्षद श्रीमती निरंजन दुबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी ललित कुमार डहेरिया तथा सहायक संचालक संजय कुमार जैन उपस्थित रहे। करियर परामर्शदाता के रूप में भोपाल स्थित ओरिएंटल कॉलेज से अमजद खान एवं चिराग चौरे द्वारा बालिकाओं को विभिन्न करियर विकल्पों जैसे NEET, WGU, IIT-JEE, पैरामेडिकल, नर्सिंग, वेटरनरी, फैशन डिजाइनिंग, इंजीनियरिंग डिजाइनिंग, एयर होस्टेस आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस विभाग से आरक्षक अजय रघुवंशी द्वारा वर्तमान समय में बढ़ रही साइबर घटनाओं एवं साइबर क्राइम से बचाव के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान एक बेटी–दो बेटी पर परिवार नियोजन अपनाने वाले माता-पिता को गौरव प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कक्षा 10वीं की मेधावी बालिकाओं को भी सम्मानित किया गया।
सत्र में चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को पुरस्कृत किया गया। सहायक संचालक संजय कुमार जैन द्वारा इतिहास से लेकर वर्तमान तक महिलाओं के सामाजिक, प्रशासनिक, राजनीतिक एवं खेल जगत में योगदान पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए बालिकाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन पर्यवेक्षक श्रीमती अनुराधा अश्वारे द्वारा किया गया तथा अंत में आभार परियोजना अधिकारी सुषमा चौरसिया ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में पर्यवेक्षक प्रीति वर्मा, कृष्णा तिवारी, मॉडल स्कूल की प्राचार्य श्रीमती प्रीति झा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

No comments:
Post a Comment