मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
जिले में सड़क सुरक्षा को नई दिशा देने के लिए प्रारंभ हुआ नवाचार
*जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कलेक्टर ने किया जिला स्तरीय ‘प्रोजेक्ट सुरक्षा’ अभियान का शुभारंभ*
*कृषि उपज मंडी इटारसी में जनप्रतिनिधियों सहित कलेक्टर ने ट्रैक्टर ट्रॉली पर लगाए रेडियम टेप*
नर्मदा पुरम। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं जनसुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मंगलवार को कृषि उपज मंडी इटारसी परिसर से जिला स्तरीय ‘प्रोजेक्ट सुरक्षा’ अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत नर्मदापुरम अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे, नगर पालिका इटारसी अध्यक्ष पंकज चौरे, मध्य प्रदेश तैराकी संघ के अध्यक्र पीयूष शर्मा एवं कलेक्टर सोमेश मिश्रा उपस्थित रहे।
अभियान के शुभारंभ से पूर्व कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने मंडी के सभा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों -कर्मचारियों एवं पत्रकार बंधुओं को संबोधित करते हुए अभियान के उद्देश्य, आवश्यकता एवं संभावित लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘प्रोजेक्ट सुरक्षा’ का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं एवं उनसे होने वाली मृत्यु दर में कमी लाना है। कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत ट्रैक्टर एवं ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर (रेडियम) पट्टियां लगाई जाएंगी, जिससे रात्रि के समय उनकी दृश्यता बढ़े और पीछे से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। इसके साथ ही जिले में बड़े स्तर पर सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि आपात स्थिति में लोगों को त्वरित प्राथमिक सहायता मिल सके।
उन्होंने हेलमेट के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दुर्घटनाओं के समय हेलमेट जीवन रक्षक सिद्ध होता है और इसके उपयोग से मृत्यु की संभावना को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से अभियान के तहत “हेलमेट से सुरक्षा” के संदेश के साथ आमजन को जागरूक किया जाएगा। साथ ही चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट के उपयोग के प्रति प्रेरित किया जाएगा तथा सभी नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने मंडी परिसर में आए विभिन्न ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रेडियम टेप लगाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाएं। इस दौरान एसडीएम इटारसी निलेश शर्मा, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती नीता कोरी, डीएसपी ट्रैफिक संतोष मिश्रा, उपसंचालक कृषि रविकांत सिंह सहित अन्य जन प्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी गण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment