एके एन न्यूज नर्मदा पुरम
जिले में बोर्ड परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए उड़न दस्ता दल गठित
नर्मदापुरम/ जिले में माध्यमिक शिक्षा मण्डल, मध्यप्रदेश, भोपाल की हाईस्कूल, हायर सेकेण्डरी परीक्षाओं की शुचिता, विश्वसनीयता तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशानुसार एवं मार्गदर्शन में व्यापक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं।
कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशानुसार मण्डल द्वारा आयोजित परीक्षाओं के सुचारु संचालन हेतु गोपनीय परीक्षा सामग्री का वितरण जिला स्तर पर जिला समन्वयक संस्था, शासकीय उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय नर्मदापुरम से 06 एवं 07 फरवरी 2026 के मध्य किया जाएगा। इस कार्य के लिए जिला कलेक्टर के अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में श्रीमती सरिता मालवीय, तहसीलदार (नगर) नर्मदापुरम को नियुक्त किया गया है। प्रश्नपत्रों के बॉक्स सुरक्षा व्यवस्था के तहत केन्द्राध्यक्षों को वितरित किए जाएंगे तथा उन्हें निकटतम थाना/ चौकी में सुरक्षित रखवाना सुनिश्चित किया जाएगा। यह समस्त कार्यवाही जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में संपन्न होगी।
परीक्षाओं के दौरान प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा अधिनियम 1937 की धाराओं के अंतर्गत पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। परीक्षा संबंधी अपराधों पर दर्ज एफआईआर में त्वरित कार्रवाई के लिए जिले के समस्त अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) को अधिकृत किया गया है।
कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया है कि परीक्षाओं के सुचारु संचालन एवं नकल की प्रवृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण हेतु पुलिस बल की विशेष ड्यूटी लगाई जाए। साथ ही, परीक्षा केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण, सामूहिक नकल की रोकथाम तथा परीक्षा में विघ्न उत्पन्न करने वाले आपराधिक तत्वों पर नियंत्रण के उद्देश्य से जिला स्तर पर उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं।
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) एवं तहसीलदार (नगर/ग्रामीण) को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में निरीक्षण हेतु उड़नदस्ता दल के रूप में नियुक्त किया गया है। ये दल मण्डल के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सतत निरीक्षण कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।
निरीक्षण हेतु नियुक्त सभी उड़नदस्ता दल अधिकारियों, कलेक्टर प्रतिनिधि एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि मण्डल एवं जिला कार्यालय से प्राप्त निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षाएँ पूर्ण अनुशासन, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।

No comments:
Post a Comment