मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
पचमढ़ी, सोहागपुर एवं इटारसी में महाशिवरात्रि पर्व पर लगने वाले मेलों के दौरान लाखों श्रद्धालु करेंगे भगवान भोलेनाथ के दर्शन
प्रशासन की व्यापक एवं सतर्क व्यवस्था के बीच जिले में संचालित हो रहे मेले
समस्त अनुविभागीय अधिकारी जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था सुनिश्चित करें : कलेक्टर
मेलों में श्रद्धालुओं की भारी संख्या को दृष्टिगत रखते हुए की जाए व्यवस्थाओं को सतत मॉनिटरिंग
नर्मदापुरम/ जिले में महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित होने वाले प्रमुख मेलों में श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। पचमढ़ी के महादेव मेला, इटारसी के तिलक सिंदूर मेला तथा सोहागपुर में लगने वाले शिवरात्रि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। कलेक्टर सोनिया मीना के निर्देशानुसार तीनों मेला स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगमता और आवश्यक सुविधाओं के लिए प्रशासनिक अमला पूरी तरह तैनात है।
प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निरंतर मेला स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को निर्बाध रूप से दर्शन लाभ मिल सके। दुकानों का आवंटन व्यवस्थित लेआउट के आधार पर किया गया है। यातायात विभाग एवं आरटीओ द्वारा पार्किंग स्थल चिन्हित कर वाहनों की आवाजाही हेतु पृथक रूट तय किए गए हैं, जिससे यातायात सुचारू बना रहे।
तीनों स्थानों पर पृथक कंट्रोल रूम स्थापित कर निगरानी रखी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा हेल्थ कैंप लगाकर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है। साथ ही एंबुलेंस को भी तैनात किया गया है। जिससे मरीजो को शीघ्र ही उपचार हेतु नजदीकी उपचार केन्द्र पहुंचाया जा सके। आपात स्थिति से निपटने हेतु प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। होमगार्ड तथा आपदा प्रबंधन की टीमें तैनात रहकर सतत निगरानी कर रही हैं। सभी स्थानों पर अग्निशमन वाहनों को भी तैनात किया गया है।
महादेव मेले में जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन एवं पिपरिया एसडीएम आकिप खान द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। केंद्रीकृत कंट्रोल रूम से स्वच्छता, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है तथा किसी भी समस्या पर त्वरित समाधान किया जा रहा है।
इसी प्रकार इटारसी में एसडीएम निलेश शर्मा द्वारा तिलक सिंदूर मेले का लगातार भ्रमण कर संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। सोहागपुर में एसडीएम प्रियंका भलावी ने एसडीओ पुलिस के साथ संयुक्त निरीक्षण कर नगर पालिका अमले एवं ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उल्लेखनीय है कि 15 फरवरी को जिले में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। मेला स्थलों के समीप अग्निशमन वाहन और मेडिकल टीम तैनात रखे जाने के निर्देश भी कलेक्टर द्वारा दिए गए है। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रमुख शिवालयों एवं मंदिरों श्रद्धालुओं की भारी आमद को दृष्टिगत रखते हुए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तथा पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है। महाशिवरात्रि पर निकलने वाली शोभायात्रा, चल समारोह और जुलूस के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे।

No comments:
Post a Comment