मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
कमिश्नर कार्यालय परिसर में श्रमदान कर की गई साफ-सफाई
नर्मदापुरम// कमिश्नर नर्मदापुरम संभाग कृष्ण गोपाल तिवारी के नेतृत्व में शनिवार सुबह कमिश्नर कार्यालय परिसर में साफ-सफाई के लिए श्रमदान किया गया। सुबह 7 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में कमिश्नर कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने परिसर की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
इस दौरान कमिश्नर श्री तिवारी ने पूरे कार्यालय परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि नगर पालिका का अमला नियमित रूप से प्रॉपर तरीके से सफाई सुनिश्चित करे तथा कचरे का उचित तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि पूरे नगर में भी बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
कमिश्नर श्री तिवारी ने सीएमओ को निर्देशित किया कि नगर की सभी नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा इसकी प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल एक दिन का कार्यक्रम न बनाकर इसे दैनिक आदत के रूप में अपनाया जाए। साथ ही आवश्यकता अनुसार परिसर के विभिन्न स्थानों पर रंग-रोगन कराने के निर्देश भी दिए।
श्रमदान कार्यक्रम में संयुक्त आयुक्त विकास नवल मीना, उपआयुक्त विकास डी.एन. पटेल, श्रम विभाग से श्रम निरीक्षक सुश्री सरिता साहू, पेंशन विभाग से मयंक गुर्जर, तरुण लोवंशी सहित महिला एवं बाल विकास विभाग, एमपीआरडीसी, नगरीय प्रशासन, कृषि, सहकारिता, जनसंपर्क सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment