मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
मढ़ई में जिला पंचायत का सामान्य सम्मेलन सम्पन्न
योजनाओं की समीक्षा के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने पर हुई गहन चर्चा
नर्मदापुरम// नर्मदापुरम जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल मढ़ई स्थित ड्रीम व्यू हेरिटेज रिसॉर्ट में जिला पंचायत का सामान्य सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राधा सुधीर पटेल ने की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष मनोहर लाल पटेल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) हिमांशु जैन सहित 12 जिला पंचायत सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पूर्व बैठक की कार्यवाही के अनुमोदन एवं पालन प्रतिवेदन की समीक्षा से हुई। इसके पश्चात एजेंडा अनुसार विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा संचालित ग्रामीण जल योजनाओं की समीक्षा करते हुए सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति साझा की तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए।
बैठक में गेहूँ उपार्जन व्यवस्था पर भी विस्तृत चर्चा हुई। कुछ क्षेत्रों में उपार्जन केंद्रों के स्थान परिवर्तन की आवश्यकता बताई गई, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। खनिज विभाग को अवैध उत्खनन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, वहीं रेत उत्खनन संबंधी शासन नीति के सुचारू संचालन पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराने में आ रही समस्याओं पर भी गंभीरता से चर्चा की गई और संबंधित विभागों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
होमस्टे योजना से बढ़ेगा ग्रामीण रोजगार, महिलाओं को मिलेगा अवसर
बैठक के दौरान सीईओ हिमांशु जैन ने बताया कि “एक जिला एक उत्पाद” योजना के अंतर्गत जिले में पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि होमस्टे योजना ग्रामीणों के लिए रोजगार का सशक्त माध्यम बन रही है, जिससे स्थानीय स्तर पर आय के नए स्रोत विकसित हो रहे हैं और ग्रामों के समग्र विकास को गति मिल रही है। बैठक के उपरांत सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को मढ़ई क्षेत्र के ग्राम छेड़का स्थित होमस्टे का भ्रमण कराया गया। इस दौरान संचालक श्री दयाराम द्वारा होमस्टे से होने वाले लाभ एवं आय के स्रोतों की जानकारी दी गई।
साथ ही यह भी बताया गया कि ग्राम टेकापार स्थित आजीविका भवन को महिला स्व-सहायता समूह को रिसॉर्ट संचालन हेतु सौंपा जा रहा है, जिससे महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों एवं अधिकारियों को मढ़ई क्षेत्र में जंगल सफारी कराई गई, जिससे उन्हें स्थानीय पर्यटन संभावनाओं एवं प्राकृतिक संसाधनों की जानकारी प्राप्त हुई। इस अवसर पर जिला पंचायत परियोजना अधिकारी योगेन्द्र राय, जिला पर्यटन प्रबंधक मनोज सिंह ठाकुर सहित ग्रामीण विकास, पंचायतराज, वन, सामाजिक न्याय, कृषि, स्वास्थ्य, उद्योग, शिक्षा, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment