मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
खाद एवं उर्वरक के भंडारण एवं वितरण पर कड़ी नज़र रखें अधिकारी,
कालाबाजारी करने वालो के विरुद्ध करें सख्त कार्यवाही: कलेक्टर सोमेश मिश्रा
ई विकास पोर्टल के माध्यम से ही हो खाद का वितरण
कलेक्टर ने खाद-उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण की समीक्षा की
नर्मदापुरम// कलेक्टर सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिले में खाद एवं उर्वरकों के वितरण एवं भंडारण की स्थिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उर्वरकों की उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण की गोदामवार और समितिवार विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में उप संचालक कृषि, जिला विपणन अधिकारी मार्कफेड तथा जिला सहकारी केंद्रीय मर्यादित बैंक के मार्केटिंग प्रभारी उपस्थित रहे। उप संचालक कृषि ने जानकारी देते हुए बताया कि अप्रैल माह के लिए जिले में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। वर्तमान में डबल लॉक केंद्रों पर 6310 मीट्रिक टन यूरिया एवं 6800 मीट्रिक टन कॉम्पलेक्स उर्वरक (टीएसपी, 20:20:0:13, 16:16:16, 12:32:16) उपलब्ध है।
इसी प्रकार जिला सहकारी केंद्रीय मर्यादित बैंक के मार्केटिंग प्रभारी ने बताया कि सहकारी समितियों में 111 मीट्रिक टन यूरिया, 24 मीट्रिक टन डीएपी, 222 मीट्रिक टन कॉम्पलेक्स उर्वरक एवं 700 मीट्रिक टन एसएसपी उपलब्ध है। सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को मांग एवं उपलब्धता के अनुसार ई-टोकन प्रणाली के जरिए उर्वरक का वितरण किया जाएगा।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्देश दिए कि उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण के आंकड़ों का नियमित आकलन किया जाए तथा आवश्यकता अनुसार राज्य स्तर पर मांग भेजी जाए। उन्होंने अधिकारियों को किसानों से सतत संपर्क बनाए रखने और खंड स्तर के अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट करने के निर्देश भी दिए। साथ ही उर्वरक खरीदी से संबंधित जानकारी पोर्टल पर समय-समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने उर्वरक एवं बीज की कालाबाजारी रोकने के लिए नियमित निरीक्षण करने तथा नमूने लेकर परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में शत-प्रतिशत उर्वरकों का वितरण ई-विकास प्रणाली के माध्यम से ही किया जाए तथा किसी भी स्थिति में ऑफलाइन वितरण न किया जाए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने सख्त निर्देश दिए कि उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि समन्वय के अभाव में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।

No comments:
Post a Comment