मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
मप्र वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय नगाइच ने चुनी जवाबदेही
नर्मदापुरम में किया गोदामों का औचक निरीक्षण
नर्मदापुरम// मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एण्ड लॉजिस्टिक्स कार्पोरेशन के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय नगाइच ने पदभार ग्रहण करते ही "सुविधा नहीं, जवाबदेही" का संदेश दिया है। अध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उपार्जित स्कंध का निजी गोदाम पूर्ण भर जाने की स्थिति में निगम के स्वनिर्मित गोदामों में 120 प्रतिशत तक भंडारण सुनिश्चित किया जाए।
इन निर्देशों के धरातल पर क्रियान्वयन की हकीकत परखने के लिए अध्यक्ष नगाइच ने शनिवार को नर्मदापुरम जिले का आकस्मिक दौरा किया। उन्होंने शासकीय वेयरहाउस शाखा हथनापुर एवं पॅवारखेडा के भंडारण केन्द्रों का निरीक्षण कर उपार्जन और भंडारण प्रक्रिया की सूक्ष्म जांच की।
अध्यक्ष ने संयुक्त भागीदारी योजना के तहत अनुबंधित निजी वेयरहाउस - सांई कृपा वेयरहाउस चौतलाय, बी.जी. वेयरहाउस चौतलाय एवं रघुवीर वेयरहाउस डोलरिया का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान निजी गोदामों में अमानक गेहूँ का भंडारण पाए जाने पर उन्होंने समिति प्रबंधक एवं सर्वेयर को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि साफ-सुथरा एवं एफएक्यू मापदंड का गेहूँ ही खरीदा जाए। किसी भी स्थिति में अमानक गेहूँ का भंडारण बर्दाश्त नहीं होगा।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने वेयरहाउस संचालकों को एप्रोच रोड दुरुस्त करने और श्रमिकों की निर्भरता कम करने के लिए मैकेनाइजेशन अपनाने को प्रेरित किया। साथ ही वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन के गोदामों में दीर्घ अवधि से भंडारित स्कंध के कारण हो रही भंडारण हानि को कम करने हेतु ठोस कार्ययोजना बनाने के लिए क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देशित किया। श्री नगाइच ने सभी शाखा प्रबंधकों को पूर्ण पारदर्शिता, ईमानदारी और जनहित के प्रति सकारात्मक सोच के साथ अनुशासन में रहकर निगम हित में कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक नर्मदापुरम अतुल सोरठे, क्षेत्रीय प्रबंधक भोपाल राजेश अग्रवाल, जिला प्रबंधक मप्रवेलॉका वासुदेव दवण्डे, शाखा प्रबंधक हथनापुर गौरव पटेल, शाखा प्रबंधक बानापुरा शिवराज राजपूत, शाखा प्रबंधक इटारसी नंदकिशोर बेदी एवं शाखा प्रबंधक पॅवारखेडा विनोद बिसारे उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment