मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
विश्व पर्यावरण दिवस-- पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने हेतु विशेष चित्र पोस्टकार्ड तथा विशेष विरूपण मोहर का विमोचन किया
प्रधान डाकघर परिसर में भारतीय डाक विभाग, नर्मदापुरम संभाग द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया
नर्मदा पुरम। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधान डाकघर परिसर में भारतीय डाक विभाग, नर्मदापुरम संभाग द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने हेतु विशेष चित्र पोस्टकार्ड तथा विशेष विरूपण मोहर (Special Cancellation) का विधिवत विमोचन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. आर.के. चौकसे, प्रचार्य नर्मदा महाविद्यालय रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पृथ्वी एवं प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भारतीय डाक विभाग द्वारा चित्र पोस्टकार्ड एवं विशेष विरूपण मोहर के माध्यम से पर्यावरण जागरूकता फैलाने के इस अभिनव प्रयास की सराहना की। विश्व पर्यावरण दिवस प्रतिवर्ष 05 जून को पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से मनाया जाता है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में फिलाटेलिस्ट ललित पाठक उपस्थित रहे। श्री पाठक ने डाक टिकटों एवं विशेष आवरणों के माध्यम से सामाजिक एवं पर्यावरणीय संदेशों के प्रसार में फिलाटेली की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर जारी किए गए चित्र पोस्टकार्ड में नर्मदापुरम क्षेत्र की प्राकृतिक एवं जैव-विविधता से संबंधित आकर्षक चित्रों को स्थान दिया गया है, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति नागरिकों को प्रेरित करेंगे। विशेष विरूपण मोहर का उपयोग इस अवसर की स्मृति को चिरस्थायी बनाने हेतु किया जाएगा।कार्यक्रम में डाक विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं फिलाटेली प्रेमी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment