कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने नवनिर्मित शासकीय सांदीपनि विद्यालय सुखतवा का किया निरीक्षण
विद्यालय की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
फिजिक्स-केमिस्ट्री-बायो लैब में उपलब्ध उपकरणों के कैलिब्रेशन के दिए निर्देश
मनोज सोनी एडिटर इन चीफ मध्यप्रदेश
एके एन न्यूज नर्मदापुरम/ कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने सुखतवा में नवनिर्मित शासकीय सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यालय परिसर में उपलब्ध सुविधाओं एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के विभिन्न कक्षों एवं परिसर के प्रत्येक खंड का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं के संबंध में उपस्थित प्राचार्य से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने विद्यालय परिसर में तैयार की गई फिजिक्स, केमिस्ट्री एवं बायोलॉजी लैब का भी अवलोकन किया। फिजिक्स लैब के निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध उपकरणों की स्थिति एवं कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि लैब में उपलब्ध सभी उपकरणों का कैलिब्रेशन अनिवार्य रूप से कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को प्रयोगों के दौरान सटीक एवं सही परिणाम प्राप्त हो सकें।
कंप्यूटर सिस्टम का शीघ्र सत्यापन एवं इंस्टॉलेशन कराने के निर्देश
कलेक्टर ने कंप्यूटर लैब का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग को निर्देश दिए कि विद्यालय को प्राप्त सभी कंप्यूटर सिस्टम का शीघ्र सत्यापन कराया जाए तथा सत्यापन उपरांत उन्हें कंप्यूटर लैब में स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रदेश स्तर पर चर्चा कर सत्यापन करने वाली टीम को बुलाया जाए तथा सभी कंप्यूटर सिस्टम का सत्यापन एवं इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराई जाए।
हैंडओवर से पूर्व सभी व्यवस्थाओं का संयुक्त निरीक्षण अनिवार्य
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने निर्देश दिए कि विद्यालय भवन का हैंडओवर किए जाने से पूर्व पीआईयू, इलेक्ट्रिकल सेफ्टी डिपार्टमेंट एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया जाए। इस दौरान भवन की संरचना, विद्युत सुरक्षा, प्रयोगशालाओं, उपकरणों एवं अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया जाए, ताकि विद्यालय का हस्तांतरण सभी आवश्यक मानकों एवं व्यवस्थाओं की संतुष्टि के बाद ही सुनिश्चित हो।


No comments:
Post a Comment