अहाते बंद, सड़क किनारे बैठकर सुराप्रेमी पी रहे शराब
गली मोहल्लों के अलावा होटल एवं ढाबों पर धड़ल्ले से परोसी जा रही शराब
आबकारी एवं पुलिस टीम कर रही, छापामार कार्रवाई
नर्मदापुरम। प्रदेश सरकार ने 1 अप्रैल से शराब दुकानों के अहाते बंद तो कर दिए लेकिन अब इन शराबियों की महफिल सड़क किनारे जमने के साथ-साथ चाय पान की गुमटी के आस पास और कालोनियों के खुले पड़े मैदानों में अक्सर महफिल जमी हुई देखी जा सकती है।
गौरतलब है कि शराब दुकानों के अहाते बंद होने के बाद शहर के चौक चौराहों सहित गली मोहल्लों में संचालित हो रही छोटी-छोटी चाय पान की गुमटियों पर जमकर शराब बेची जा रही है। वहीं दूसरी तरफ शहर की अधिकांश होटलों और हाईवे पर संचालित हो रहे ढाबों पर अवैध शराब बेचने के साथ-साथ यहां पर आने वाले शराबियों को खूब परोसी जा रही है। इसके अलावा देसी विदेशी शराब पीने वालों के लिए घर पहुंच सेवा भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर शराब माफियाओं के द्वारा की जा रही है।
हालांकि आबकारी विभाग एवं पुलिस टीम द्वारा जिले भर में मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों पर सख्त कार्रवाई निरंतर की जा रही है। वहीं दूसरी तरफ पिछले दिनों बालागंज में अवैध शराब की बिक्री एवं कसेरा मोहल्ला स्थित एक घर से अंग्रेजी शराब का जखीरा पकड़ा गया था। इसके अलावा निरंतर मुहिम चलाकर होटल संचालकों पर भी आबकारी टीम द्वारा कार्रवाई की गई। जिसमें होटल में अवैध शराब की बिक्री एवं पीने वालों पर भी कार्रवाई की।
जिला आबकारी अधिकारी अरविंद सागर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले भर में इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। कोई भी होटल संचालक अवैध रूप से शराब पिलाने का कार्य करेगा उनके खिलाफ आगे भी वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। शहर के चौक चौराहों पर जन चर्चा यह भी है कि नर्मदापुरम धार्मिक नगरी होने के कारण प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा नर्मदा तट के 5 किलोमीटर के दायरे में शराब बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बाद भी नर्मदापुरम में अवैध शराब का कारोबार बड़े स्तर पर संचालित हो रहा है। अवैध शराब बेचने को लेकर सांसद राव उदय प्रताप सिंह सहित क्षेत्र के विधायक डॉ सीतासरन शर्मा भी नाराजगी व्यक्त कर चुके हैं। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में जिला आबकारी अधिकारी अरविंद सागर के मार्गदर्शन में आबकारी अमला निरंतर कार्यवाही कर रहा है ।
ब्यूरो रिपोर्ट मनोज सोनी
No comments:
Post a Comment