मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
पचमढ़ी मानसून मैराथन के छठवे संस्करण का हुआ भव्य एवं सफल आयोजन
देशभर से 1165 धावकों ने मैराथन में लगाई दौड़
छः वर्ष के बच्चे से लेकर 82 वर्ष के बुजुर्ग ने लगाई दौड़
नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले के सुप्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड (एमपीटीबी) के सहयोग से ‘एडवेंचर एंड यू’ (के.ए.कनेक्ट) द्वारा रविवार को पचमढ़ी मानसून मैराथन का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। जिला प्रशासन नर्मदापुरम के सहयोग से आयोजित हुई मैराथन में देशभर से आए 1165 धावकों ने हिस्सा लिया।
पचमढ़ी के प्राकृतिक सौंदर्य के बीच 42 किलोमीटर, 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर एवं 5 किलोमीटर श्रेणियों के लिए मैराथन का आयोजन किया गया था। मैराथन दौड़ की शुरुआत एमपीटी ग्लेन व्यू होटल से हुई। 42 किलोमीटर दौड़ अलसुबह 3 बजे शुरू हुई। शेष तीनों दौड़ सुबह 6 बजे शुरू की गई। मैराथन को टूरिज्म बोर्ड के ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव, डिप्टी डायरेक्टर वीरेंद्र खंडेलवाल ने फ्लैग ऑफ कर आरंभ किया। मैराथन में छः वर्ष के बच्चों से लेकर 82 वर्ष के बुजुर्ग ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। नर्मदापुरम जिले की पूर्व कलेक्टर श्रीमती प्रियंका दास भी मैराथन में उपस्थित रहीं।
विजेताओं को ट्रॉफी एवं मेडल से किया गया पुरस्कृत
समापन के बाद एक समारोह में अतिथियों द्वारा विजेताओं को ट्रॉफी व मेडल दिए। मानसून मैराथन में देशभर से लोग शामिल हुए और सतपुड़ा की रानी पचमढ़ी में प्राकर्तिक सौंदर्य का आनंद लिया। 82 वर्ष के बुजुर्ग मोहन लाल यादव, गोंदिया महाराष्ट्र को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में पर्यटन विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक ऐ यू खान, सहायक संचालक के. के. सिंह, केए कनेक्ट से मितेश रामभिया भी विशेष रूप से मौजूद थे।
ये धावक बने विजेता
42 किलोमीटर (पुरुष) में प्रथम विजेता अंकित 42 किलोमीटर (महिला) में प्रथम विजेता प्रेम लता गुप्ता। 21 किलोमीटर (पुरुष) में प्रथम विजेता मोहित कोरे। 21 किलोमीटर (महिला) में प्रथम विजेता निधि तरारे।10 किलोमीटर (पुरुष) में प्रथम विजेता विशाल कौशल।10 किलोमीटर (महिला) में प्रथम विजेता रीता तरारे 5 किलोमीटर (पुरुष) में प्रथम विजेता अमित प्रजापती। 5 किलोमीटर (महिला) में जयश्री भूरे प्रथम विजेता रही।


No comments:
Post a Comment