मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
महादेव मेला 2025 : शिवमय हुइ सतपुडा की रानी
चौरागढ़ महादेव एवं जटाशंकर के दर्शन हेतु 1.5 लाख श्रद्धालु पहुंचे, प्रशासन ने की पुख्ता व्यवस्थाएं
ड्यूटी में लापरवाही पर दो कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी
नर्मदापुरम। महादेव की पवित्र नगरी पचमढ़ी में महाशिवरात्रि मेले का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह मेला दिनांक 17 फरवरी 2025 से 26 फरवरी 2025 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों से लाखों श्रद्धालु भगवान चौरागढ़ महादेव एवं जटाशंकर के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। अब तक लगभग 1,50,000 से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालु नांदिया जंक्शन होते हुए भी चौरागढ़ महादेव तक पहुंच रहे हैं।
व्यवस्थाओं का सतत निरीक्षण
महादेव मेला समिति के अध्यक्ष सुजान सिंह रावत एवं सचिव श्रीमती अनीशा श्रीवास्तव द्वारा लगातार मेला क्षेत्र – महादेव, गुप्त महादेव, बीड क्षेत्र, सीता नहानी, नांदिया जंक्शन एवं चौरागढ़ स्थल का पैदल निरीक्षण किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा प्रदान करने हेतु प्रत्येक मेडिकल कैंप में डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, पानी की आपूर्ति, सफाई एवं ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
सुरक्षा एवं आपातकालीन प्रबंधन
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मेले में सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस विभाग के 550 जवान, जिला डिस्ट्रीक होमगार्ड एवं सिविल वालंटियर्स के 80 जवान, जिला स्वास्थ्य विभाग के 74 चिकित्सा अधिकारी, राजस्व विभाग के 56 कर्मचारी, साडा के 45 कर्मचारी, वन विभाग के 110 कर्मचारी एवं विद्युत विभाग के 26 कर्मचारी विभिन्न स्थलों पर तैनात किए गए हैं।
अनुपस्थित कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई
मेले के दौरान ड्यूटी पर अनुपस्थित पाए गए दो कर्मचारियों के विरुद्ध अपर कलेक्टर नर्मदापुरम द्वारा कार्यवाही की गई है और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। महाशिवरात्रि मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। प्रशासन एवं मेला समिति द्वारा मेले को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के दर्शन कर सकें।
No comments:
Post a Comment