अनुविभागीय अधिकारी नियमित रूप से समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक सुनिश्चित करें : कलेक्टर सोनिया मीना कलेक्टर ने किया सिवनी मालवा क्षेत्र का निरीक्षण नगर में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए - AKN News India

Breaking

Post Top Ad

Post Top Ad

Thursday, 20 March 2025

अनुविभागीय अधिकारी नियमित रूप से समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक सुनिश्चित करें : कलेक्टर सोनिया मीना कलेक्टर ने किया सिवनी मालवा क्षेत्र का निरीक्षण नगर में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए


 

मनोज सोनी एडिटर इन चीफ


अनुविभागीय अधिकारी नियमित रूप से समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक सुनिश्चित करें : कलेक्टर सोनिया मीना

कलेक्टर ने किया सिवनी मालवा क्षेत्र का निरीक्षण

नगर में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए  निर्देश दिए


एके एन न्यूज़ नर्मदापुरम। गुरुवार को कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने सिवनी मालवा क्षेत्र का सघन निरीक्षण कर नगर पालिका परिषद की विभिन्न योजनाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कलेक्टर द्वारा परिषद की राजस्व वसूली को तेज करने के निर्देश दिए गए तथा बड़े बकायादारों को नोटिस जारी कर वसूली न होने पर कुर्की की कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया गया। साथ ही, उन्होंने कहा कि राजस्व लक्ष्य प्राप्ति के लिए नगर पालिका परिषद आवश्यकता पड़ने पर राजस्व विभाग का सहयोग भी ले। इसके अतिरिक्त निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परिषद की आय व्यय की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की।

नगर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखें: कलेक्टर

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रितेश कुमार जैन, वार्ड पार्षदों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने शहर में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण की समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया। तत्संबंध में कलेक्टर सुश्री मीना ने निर्देशित किया कि नगर पालिका प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए तथा पहले से स्थापित कैमरों की मरम्मत कराई जाए। कलेक्टर द्वारा कैमरों की मॉनिटरिंग एवं संचालन पुलिस विभाग को सौंपने के निर्देश भी दिए गए ताकि नगर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके

व्यापारी संघ के सदस्यों ने शहर में नवीन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण तथा यातायात व्यवस्था को सुधारने की मांग रखी। साथ ही, यातायात पुलिस की उपलब्धता किए जाने का अनुरोध भी किया। कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि इस विषय पर पुलिस अधीक्षक से चर्चा कर उचित समाधान निकाला जाएगा।

अतिक्रमण के विरुद्ध निरंतर कार्यवाही की जाए

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने यह निर्देश भी दिए कि राजस्व विभाग, पुलिस एवं नगर पालिका सतत रूप से अतिक्रमण के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने एसडीएम को निर्देश दिए की पुलिस विभाग के साथ समन्वय कर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए जिससे की चोरी आदि की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

नगर विकास के लिए विभिन्न योजनाओं की समीक्षा

कलेक्टर ने ऑडिटोरियम के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण कर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को सीमांकन कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही, नगर पालिका को शीघ्र ऑडिटोरियम निर्माण कार्य प्रारंभ करने के लिए निर्देशित किया गया।

कलेक्टर द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि एमपीईबी पूर्ण हो चुके आवासों में शीघ्र ही विद्युतीकरण कार्य पूरा करे तथा नगर पालिका द्वारा हितग्राहियों को आवास सौंपने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही, कलेक्टर द्वारा अन्य आवासों का निर्माण कार्य भी शीघ्र पूरा करने के लिए भी निर्देशित किया गया।

कलेक्टर ने नगर के फिल्टर प्लांट एवं शिवराज पार्क का निरीक्षण कर वहां पर उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने पार्क में स्थित शहीद गैलरी में वीर शहीदों के स्मारकों को नमन कर उन पर पुष्प अर्पित भी किए। कलेक्टर ने कहा कि पार्क में शहीद गैलरी की स्थापना एक अच्छी पहल है इससे युवाओं को उनके बारे में जानने का अवसर तो मिलता ही है साथ ही उन्हें प्रेरणा भी प्राप्त होती है।

आंवली घाट पर नदी प्रवाह को लेकर सर्वे के निर्देश

भ्रमण के दौरान कलेक्टर सोनिया मीना ने आंवली घाट पहुंच कर नदी के अनियमित प्रवाह का निरीक्षण किया। स्थानीय निवासियों द्वारा बताया गया कि अनियमित प्रवाह होने के कारण जल निकासी के लिए पूर्व में किए गए वैकल्पिक मार्ग में सिल्ट (कपा) जमा होने के कारण घाट पर हादसे की संभावना बनी रहती है तथा पूर्व में कई दुर्घटनाएं भी घटित हो चुकी है। कलेक्टर सुश्री मीना ने ईई नर्मदा विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए कि घाट के समीप नदी के वेग, पानी की गहराई तथा अन्य बिंदुओं का परीक्षण कर तकनीकी सर्वे करवा कर दोष पूर्ण बिंदुओं की रिपोर्ट तैयार की जाए। कलेक्टर ने उपस्थित स्थानीय निवासियों को आश्वासन दिया है कि समस्या की रिपोर्ट तैयार करवा कर शासन स्तर तक शीघ्र ही पहुंचाई जाएगी जिससे घाट पर उत्पन्न हुई समस्याओं का समाधान किया जा सके। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने हथनापुर स्थित गौशाला पहुच कर गायों को गौ ग्रास भी खिलाया।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष सिवनी मालवा रितेश कुमार जैन,भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शुक्ला, अनुविभागीय अधिकारी सिवनी मालवा श्रीमती सरोज परिहार, तहसीलदार नितिन कुमार राय, सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय निवासी उपस्थित थे।


No comments:

Post a Comment

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने प्रशिक्षण वर्ग को किया संबोधित

मनोज सोनी एडिटर इन चीफ    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने प्रशिक्षण वर्ग को किया संबोधित नर्मदापुरम। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध...

Post Top Ad

Responsive Ads Here