मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
भाजपा का सांसद एवं विधायकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग पचमढ़ी में प्रारंभ,
उदघाटन सत्र को केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने संबोधित किया
जो अंतिम क्षण तक विद्यार्थी हैं, वही ला सकते हैं परिवर्तन
प्रशिक्षण वर्ग हमारे मन विचार को साफ करने की प्रक्रिया
पंचायत से लेकर पार्लियामेन्ट तक भाजपा की स्वीकारोक्ति देख सकते है
सुव्यवस्थित, शिक्षित, विकसित देश के लिए भाजपा सरकार जरूरी
तीन साल में गंगानगर तक बहेगा सिन्धु जल, पाकिस्तान बूंद-बूंद के लिए तरसेगा अमित शाह
प्रधानमंत्री के कार्यों और नीतियों से नक्सलवाद और आतंकवाद को लगभग समाप्त कर दिया है
अपने कार्य के आधार पर जिम्मेदारी मिलती है डॉ. मोहन यादव
अमित शाह के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव में इतिहास रच
तीन दिन में 14 अलग-अलग सत्रों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मिलेगा मार्गदर्शन
नर्मदा पुरम/पचमढी। केन्द्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पचमढी में सांसद एवं विधायकों का 3 दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का दीप प्रज्जवलित एवं महापुरूषों को पुष्पांजलि अर्पित कर शुभारंभ किया। सत्र के प्रारंभ में अहमदाबाद में हुए हृदयविदारक विमान हादसे पर शोक व्यक्त किया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उद्घाटन सत्र में ‘‘जनसंघ से भाजपा-1951 से 2025’’ विषय पर सम्बोधित करते हुए कहा कि परिवर्तन वही ला सकते हैं, जो अंतिम क्षण तक विद्यार्थी रहते हैं, जिनमें सीखने की ललक होती है।
आज पंचायत से लेकर पार्लियामेन्ट तक भाजपा की स्वीकारोक्ति देख सकते हैं। सुव्यवस्थित, शिक्षित, विकसित देश के लिए भाजपा सरकार जरूरी है। तीन साल में गंगानगर तक बहेगा सिन्धु जल, पाकिस्तान बून्द-बून्द के लिए तरसेगा। मध्यप्रदेश भाजपा की एक शानदार परंपरा रही है। स्व. कुशाभाऊ ठाकरे अपने जीवन का क्षण-क्षण पार्टी को समर्पित किया है और स्वर्गीय राजमाता विजयाराजे सिंधिया एवं स्व. सुंदरलाल पटवा जैसे मनीषियों का इसे आशीर्वाद मिला है। हम सभी पार्टी के कार्यकर्ता हैं और पार्टी ने हमारी योग्यता तथा क्षमता के आधार पर हमें आगे बढ़ाया है, सांसद विधायक बनाया है।
उदघाटन सत्र की प्रस्तावना भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने रखी। उदघाटन सत्र को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सम्बोधित किया। उद्घाटन सत्र के दौरान केन्द्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान, भूपेन्द्र यादव, डीडी उइके, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं राजेन्द्र शुक्ल मंचासीन रहे। संचालन प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने किया।
*डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने स्थापना की, पं. दीनदयाल जी ने विचार दिया*
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि देश जब आजाद हुआ, उस समय कांग्रेस का शासन था और कांग्रेस पार्टी पर पूरी तरह पं. नेहरू हावी थे। उस समय नेहरू सरकार ने जो नीतियां बनाईं, उनमें देश की मिट्टी की सुगंध नहीं थी। उनमें हमारी चिर पुरातन संस्कृति का कोई प्रतिघोष नहीं था। वो पाश्चात्य संस्कारों से प्रेरित थीं। उस समय कई नेता थे, जो इन नीतियों से सहमत नहीं थे। उन्हीं में से एक थे डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी जी जो नेहरू मंत्रिमंडल में उद्योग मंत्री थे।
पं. नेहरू ने जब नेहरू-लियाकत पैक्ट के फलस्वरूप कश्मीर में धारा 370 लगाई, तो डॉ. श्यामप्रसाद मुखर्जी ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्हें देश में एक ऐसी राजनीतिक पार्टी की आवश्यकता महसूस हुई, जो देश के इतिहास, धर्म, परंपरा और संस्कृति से जुड़ी हुई हो। इसी विचार से उन्होंने जनसंघ की स्थापना की। पं. दीनदयाल उपाध्याय ने इस दल की विचारधारा के बीज बोए। उन्होंने कहा कि ये पार्टी संगठन के आधार पर चलने वाली पार्टी होगी, जिसकी आत्मा उसके कार्यकर्ता होंगे। सरकार बनाना हमारा लक्ष्य नहीं होगा, बल्कि हम अपने सिद्धांतों के लिए सरकार बनाएंगे।
उस समय लोगों ने जनसंघ का खूब मखौल उड़ाया, लेकिन आज जनसंघ से ही बनी भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। देश के 18 राज्यों में हमारी सरकारें हैं। सबसे ज्यादा सांसद, विधायक, जिला पंचायत, नगर पालिका, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायतें हैं। आज पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भाजपा ही दिखाई देती है। पार्टी का ये विकास और विस्तार कायर्कर्ताओं की 8 पीढ़ियों के परिश्रम और पुण्य का प्रतिफल है।
*सरकार किसी की भी बने राज्य और देश समृद्धशाली होना चाहिए*
केन्द्रीय गृह मंत्रीं अमित शाह ने कहा कि डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने कहा था कि देश में दो निशान, दो विधान और दो प्रधान नहीं चलेंगे। धारा 370 हटाने के लिए कूच किए और उनकी हत्या हो गई। गौवंश पर सत्याग्रह, राम जन्मभूमि की यात्रा, एकता यात्रा, स्वर्ण जयंती भ्रष्टाचार मुक्त। धारा 370 के खिलाफ आंदोलन करते हुए डॉ. मुखर्जी ने देश की एक एक इंच की भूमि की सुरक्षा की। गौ हत्या पर प्रतिबंध, श्रीराम जन्मभूमि का कार्यक्रम सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का प्रतीक है।
जिस देश की सरकारें सामाजिक जीवन के लिए कार्य करती हो वह भाजपा ही है। सरकार राष्ट्रवादी, विकास को समर्पित, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की पोषक होना चाहिए। सरकार किसी की भी बनी हो वह राज्य और देश के लिए समृद्धशाली होना चाहिए। समृद्धि का मार्ग अंत्योदय का होना चाहिए। समाज के गरीब तबके को सबसे समृद्ध व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रक्रिया है और देश को समृद्ध बनाना हमारा एकमात्र लक्ष्य है। देश के लिए बीमारू राज्य शब्द बड़ा चर्चा का विषय था। बिहार के लिए ‘‘बि’’ मध्यप्रदेश के लिए ‘‘एम’’ और राजस्थान के लिए ‘‘आर’’ और उत्तर प्रदेश के लिए ‘‘यू’’ शब्द का इस्तेमाल कर बीमारू शब्द बनाया गया था। आज देश देख रहा है कि यह चारों राज्य आज प्रगतिशील और समृद्धशाली बनकर अन्य राज्यों को पीछे छोड़ रहे है और लगातार आगे बढ़ रहे है।
मध्यप्रदेश में जब भाजपा की सरकार बनी उस समय श्री शिवराजसिंह चौहान ने बागडोर संभाली। 20 वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य से निकालकर प्रगतिशील और समृद्धशाली राज्य की श्रेणी में लाकर खड़ा किया और उसकी तस्वीर बदल दी। इसी तरह छत्तीसगढ़ में 15 वर्षों तक भाजपा की सरकार बनी बीमारू राज्य से बाहर निकाला। राजस्थान श्रीमती वसुंधरा राजे के नेतृत्व में बीमारू राज्य से बाहर आया। उत्तर प्रदेश और बिहार भी एनडीए की सरकार बनी। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ और बिहार भी विकास की राह पर चल पड़े हैं और बीमारू राज्य से बाहर निकले है। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार जिस राज्य में भी बनती है वहां अंत्योदय के आधार पर पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आगे बढ़ाती है।
*कार्यकर्ताओं की तपस्या के फल से 2014 में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी*
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की तपस्या के फल से ही 2014 में भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत मिली और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी। 2024 से अब तक ग्यारह साल की सरकार में भाजपा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के बताए मूल सिद्धांतों पर चल रही है। इन ग्यारह सालों में अंत्योदय मूल लक्ष्य था। 60 करोड़ लोगों को पक्के आवास, बिजली, पानी, पांच लाख रूपए तक के आरोग्य की गारंटी, पांच किलो मुफ्त अनाज जैसी योजनाओं ने जीवन में
परिवर्तन लाने कार्य किया है। 52 करोड़ जनधन खाते खोलने, उज्जवला योजना के तहत महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन देने का कार्य किया। अगर आप इन योजनाओं को लेकर सोचेंगे तो आपको अपार खुशी होगी कि आप उस पार्टी के कार्यकर्ता हैं, जिसके नेता प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश के 60 करोड़ से अधिक लोगों के जीवन में बदलाव लाने का कार्य किया है। इसका अनुभव जो होगा, वही कार्यकर्ता का पारिश्रमिक होता है। हमारी सरकार 80 करोड़ से अधिक लोगों को प्रति व्यक्ति पांच किलो अनाज भी दे रही है। राष्ट्रीय सुरक्षा की बात करें तो जम्मू-कश्मीर को देश से अलग करने वाली धारा 370 को पांच अगस्त 2019 को हटा दिया गया। एक पत्थर भी जम्मू-कश्मीर में नहीं चला।
कांग्रेस के नेता क्या-क्या बातें करते थे, कुछ नहीं हुआ। हमारी सरकार की एक और बहुत बड़ी उपलब्धि है, वह यह है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद अब जम्मू-कश्मीर के एक भी युवा अपने हाथों में बंदूक नहीं थाम रहे हैं। ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान सेना के मुख्यालय में हमला कर नुकसान पहुंचा। पहलगाम हमले के बाद सिंधु जल समझौते को स्थगित किया। स्वर्गीय जवाहरलाल नेहरू के समय यह समझौता किया गया था। तीन साल के अंदर सिंधु के जल को नहरों से गंगानगर तक ले जाया जायगा और एक बड़े भू-भाग में सिंचाई की सुविधा शुरू हो जाएगी। पाकिस्तान पानी के लिए बून्द-बून्द के लिए तरसेगा। पहलगाम में धर्म पूछकर मारा, अब खाने के लिए अनाज को तरसेंगे। उन्हें खाने के लिए विदेशों से अनाज मांगकर लाना पड़ेगा।
*जो कार्य आजादी के साथ सालों में नहीं हुआ, ग्यारह सालों में कर दिखाया*
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जब हमारी सरकार बनी तक देश की अर्थव्यवस्था 11वें नंबर पर थी। देश जब आजाद हुआ, तक भारत की अर्थव्यवस्था 15वें नंबर पर थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने ग्यारह साल में अर्थव्यवस्था को ग्यारहवें नंबर से चौथे नंबर पर लेकर आए। इस कार्यकाल की समाप्ति से पहले देश की अर्थव्यवस्था को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाएंगे। जो कार्य आजादी के बाद साठ सालों में नहीं हुआ, वह हमारी सरकार में ग्यारह साल में कर दिखाया।
हमारी सरकार ने 12 करोड़ शौचालय बनवाने के साथ 68 लाख रेहड़ी-पटरी वालों को ऋण दिलाने के साथ विश्व के डिजिटल ट्रांजेक्शन का 49 प्रतिशत भारत में कराने का रिकॉर्ड बनाया। नक्सल हिंसा को हमने लगभग देश से पूरी तरह समाप्त कर दिया है। आज हमारी पार्टी का वजूद है तो विचारधारा के कारण। हमारी पार्टी की न विचारधारा बदली और और न ही कार्य संस्कृति बदली है। मध्यप्रदेश भाजपा ने सदस्यता अभियान में बहुत अच्छा कार्य किया है। पार्टी का आंतरिक लोकतंत्र पार्टी का परिचय कराता है। पार्टी के सिद्धांतों और आदर्शों पर चलना यही हमारा लक्ष्य होना चाहिए।
*केन्द्र सरकार ने फैसलों को जमीन पर उतारकर देश में परिवर्तन आया*
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भगवान श्रीराम जी का मंदिर बना, देश में कोई दंगे नहीं हुए और मुसलमानों ने भी इसे स्वीकार किया यही हमारी बड़ी उपलब्धि है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने विश्वस्तरीय काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनाई, महाकाल लोग सहित संसद भवन, कर्तब्य पथ बनाया, संसद में सिंगोल की स्थापना की। दुनिया भर में 300 से अधिक हमारे देवी देवताओं की मूर्तियों को वापिस लाकर मूल स्थान पर स्थापित करने का कार्य भाजपा ने किया है। सिन्धु जल समझौता तोकडर हमारा खून बहाने वाले को सबक सिखाया है।
आर्थिक अनुशासन लाने के लिए मोदी सरकार ने योजनाबद्ध ढंग से फैसले लिए। इस आर्थिक दूरदर्शिता का परिणाम यह है कि आज भारत दुनिया की टॉप 5 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। वैश्विक डिजिटल लेन देन के 49 प्रतिशत लेनदेन भारत में होते है। 2024 चन्द्रयान की सफलता और अब गगनयान की तैयारी इस बात का प्रमाण है कि मोदी का नया भारत केवल धरती पर नहीं, बल्कि अंतरिक्ष में भी आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के माध्यम से 81 करोड़ लोगों को मुफ्त 5 किलो अनाज, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक लोगों को पक्के घर बने, जल जीवन मिशन के तहत 15 करोड़ से अधिक घरों में नल से जल पहुचाया गया है। वहीं स्वच्छ भारत अभियान के तहत बनाए गए 12 करोड़ शौचालयों ने हमारी माताओं-बहनों को गरिमापूर्ण जीवन प्रदान किया है।
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार भारत अब चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। यह लगातार चौथा वर्ष है जब भारत सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था रहा है। प्रति व्यक्ति आय में 67 प्रतिशत, विदेशी मुद्रा भंडार में 135 प्रतिशत, निर्यात में 825 अरब अमेरिकी डॉलर का रिकॉर्ड स्तर, एफडीआई में 106 प्रतिशत, टैक्सपेयर्स की संख्या में 127 प्रतिशत और डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन में 238 प्रतिशत की वृद्धि यह दर्शाती है कि सरकार ने न केवल फैसले लिए, बल्कि उन फैसलों को ज़मीन पर उतारकर परिवर्तन भी लाया। उज्ज्वला योजना, 100 प्रतिशत विद्युतीकरण और जल जीवन मिशन के अंतर्गत अब तक 364 प्रतिशत की वृद्धि के साथ घरों में नल से जल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। इन सभी योजनाओं और उनके प्रभावी निष्पादन से यह स्पष्ट होता है कि मोदी सरकार न केवल जवाबदेह और संवेदनशील है, बल्कि परिणाम देने वाली एक सक्रिय सरकार भी है।
*सरकार ने लोगों का जीवन स्तर सुधारने का कार्य किया*
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में 27 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री ने डायरेक्ट बेनीफिट ट्रांसफर योजना के जरिए 3.9 लाख करोड़ रूपए के लीकेज को रोका। देश नक्सलवाद के खात्मे की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है। सरकार ने समाज के हर वर्ग की चिंता की और उनके जीवन स्तर को सुधारने के लिए निरंतर प्रयास किया। पिछले 11 वर्षों में वह विकास हुआ जो किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकसित भारत की दिशा में लंबी छलांग ली है, जिसमें सभी समाज वर्गों को साथ लेकर चलने पर जोर दिया गया। मोदी जी के सत्ता में आने के बाद पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है।
प्रधानमंत्री मोदी एक मात्र ऐसे नेता है जो दुनिया भर के सबसे अधिक देशों में भारत रत्न जैसे उस देश के उच्च सम्मान से सम्मानित हुए है। नई शिक्षा नीति में 2047 की विकसित भारत की नींव है। इसमें भारत की सस्कृति,भाषा, कलाओं को मजबूती के साथ रखा गया है। मध्यप्रदेश ऐसा पहला राज्य है जहॉं मेडिकल की पढ़ाई हिन्दी भाषा में होती है। युवाओं को विश्व के युवाओं के साथ दो-दो हाथ करने का काम सरकार कर रही है। हमारे विचार यात्रा के दौरान आज हमारे सकंल्प की पूर्ति लगातार हो रही है। जनसंघ से भाजपा तक न हमारी विचारधारा बदली है न हमारी कार्य सस्कृति बदली है। एकात्म मानववाद और पंच निष्ठाएं हमारे वैचारिक अधिष्ठान है इन पर चलकर हम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। हमें भारत 2047 तक विश्व का सबसे विकसीत राष्ट् बनेगा यही भावना के साथ कार्य करना है।
*प्रशिक्षण वर्ग में अपनी-अपनी भूमिका को और मजबूत बनाने का कार्य होगा- डॉ. मोहन यादव*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रशिक्षण वर्ग को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पाकिस्तान पर भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान प्रेरित आतंक को समूल नष्ट करने का काम किया है। अलगाववाद, नक्सलवाद और आतंकवाद की गतिविधियां होती रहती थी, लेकिन प्रधानमंत्री जी के कार्यों और नीतियों से नक्सलवाद और आतंकवाद को लगभग समाप्त कर दिया है। देश के गृह मंत्री अमित शाह ने देश के अंदर नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने का प्रण लिया है। आज आयोजित सांसद एवं विधायकों का प्रशिक्षण वर्ग हमारी भूमिका को और मजबूत बनाने का कार्य करेगा। हम सभी सिद्धांतों और आदर्शों पर आधारित राजनीतिक दल के कार्यकर्ता हैं।
यह किसी परिवार, जाति या वर्ग विशेष की पार्टी नहीं है। हमारे लिए जनता की सेवा ही सर्वोपरि है। सांसद, विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री हम सभी एक विशिष्ठ विचारधारा से जुड़े हुए कार्यकर्ता हैं। हमे अपने कार्य के आधार पर जिम्मेदारी मिलती है। जनप्रतिनिधि होने के नाते हम सभी को अपने-अपने क्षेत्र के विकास के लिए क्या और कैसे काम होना चाहिए इस पर विचार करना आवश्यक है। देश के गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा संगठन निरंतर आगे बढ़ रहा है।
हमारे मूल विचार यात्रा में हमारे सकंल्प की पूर्ति हुई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर में धारा 370 का हटना, अयोध्या में भगवान श्रीराम जी का भव्य मंदिर बनना गर्व की अनुभूति कराता है। वहीं तीन तलाक से मुस्लिम बहनों को मुक्ति मिल गयी है। भारतीय जनता पार्टी में ही वैचारिक प्रशिक्षण की परंपरा है, हम उसको आगे बढ़ाते हुए सुशासन की दिशा में अपनी भूमिका का निर्वहन कैसे करें इसको लेकर प्रशिक्षण वर्ग में सैद्धांतिक, व्यवहारिक एवं अन्य विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।
अमित शाह के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश ने चुनाव में इतिहास रचा है- विष्णुदत्त शर्मा*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज से तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ हो रहा है। इस प्रशिक्षण वर्ग में मध्यप्रदेश से पार्टी के सभी सांसद एवं विधायक उपस्थित हैं। मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने पिछले विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में हो इतिहास रचा है, उसको लेकर कोई संकोच नहीं है कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश भाजपा ने यह इतिहास रचा है। इसके लिए मध्यप्रदेश भाजपा आपका हृदय से आभार व्यक्त करती है। तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण वर्ग में उद्घाटन और समापन सत्र मिलाकर कुल 14 अलग-अलग रहेंगे, जिनमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन मिलेगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हम सबको मार्गदर्शन मिलेगा।
केंद्रीय गृह मंत्री जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी की यात्रा विषय पर हम सभी को मार्गदर्शन देंगे। भारतीय जनता पार्टी की जो यात्रा है, इस यात्रा पर हम सभी को केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। इसके बाद अलग-अलग विषय पर सत्र होंगे। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी गृह मंत्री अमित शाह जिनका हम सभी को मार्गदर्शन प्राप्त होगा, वे आपातकाल के दौरान 13 वर्ष की उम्र में देश की सेवा में खुद को समर्पित कर दिया था। इसके बाद आप अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े और अलग-अलग पदों पर कार्य किया। सन् 1984 में आप बूथ के कार्यकर्ता के तौर पर बूथ अध्यक्ष के पद से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे पद का दायित्व संभाला और भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में स्थापित करने का गौरव दिलाया।
केंद्रीय गृह मंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर लालकृष्ण अडवाणी के कई चुनावों का प्रबंधन पूरी तरह से संभाला था। आज हम सब कार्यकर्ताओं के लिए बड़े गर्व की बात है कि चुनाव प्रबंधन में जिन्हें महारथ हासिल है, ऐसे नेता का मार्गदर्शन मिलने जा रहा है। 1997 से विधानसभा फिर लोकसभा में कार्य करते हुए संगठन तंत्र को बढ़ाकर दुनिया में इतिहास बनाया। देश के गृह मंत्री के साथ गुजरात सरकार में कार्य करने, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने के साथ सीएए कानून लाने या देश की आंतरिक सुरक्षा को लेकर ऐतिहासिक कार्य किए हैं। आपके नेतृत्व में ही देश भर से नक्सलवाद लगभग पूरी तरह से समाप्ति की ओर है।
प्रथम सत्र को केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने ‘‘लोक व्यवहार एवं समय प्रबंधन, व्यक्तित्व कौशल’’ विषय पर संबोधित किया, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश प्रवक्ता व विधायक श्रीमती अर्चना चिटनीस ने की। द्वितीय सत्र को केन्द्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने ‘‘विकसित भारत-मोदी सरकार के परिवर्तनकारी कदम’’ विषय पर संबोधित किया, जिसकी अध्यक्षता केन्द्रीय मंत्री डीडी उइके ने की। तृतीय सत्र में तीन समानान्तर सत्रों को केन्द्रीय मंत्री वीरेन्द्र कुमार खटिक, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल एवं सांसद सुधीर गुप्ता ने संबोधित किया।
No comments:
Post a Comment