मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
त्यौहारी सीजन को देखते हुए नपा का विशेष स्वच्छता अभियान जारी
खाली प्लाटों में गंदगी मिलने पर दो अलग अलग मालिक पर किया नपा ने 5-5 हजार का जुर्माना
3 दिवस के अंदर जमा करना होगा जुर्माना
एके एन न्यूज नर्मदापुरम्। नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के निर्देश पर नगरपालिका द्वारा त्यौहारी सीजन को देखते हुए नगर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। वार्ड 33 एवं 23 में खाली प्लाट पर गंदगी मिलने पर अलग अलग दोनों प्लाट मालिक पर 5-5 हजार रुपए का जुर्माना किया गया। साथ ही आसपास के लोगों को समझाइश भी दी जा रही है। वार्डवार कचरा वाहनों को पहुंचाया जा रहा है और उनकी मानिटरिंग भी की जा रही है।
स्वच्छता निरीक्षक अनुराग तिवारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 33 में प्लाट मालिक संतोष यादव के प्लाट में गंदगी और कचरा मिला था। स्थानीय नागरिकों द्वारा शिकायत भी की गई थी कि प्लाट में जहरीले जीव जंतु हैं जो घर के अंदर घुसते हैं जिससे भय का वातावरण बना रहता है। साथ ही गंदगी होने से मौहल्ले का वातावरण दूषित हो रहा है। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 20 के निवासी राजेश गौर जिनका प्लाट वार्ड क्रमांक 23 में मेन रोड पर है जिसमें गंदगी व्याप्त है। इसकी शिकायत स्थानीय नागरिकों ने की थी। निरीक्षक श्री तिवारी ने बताया कि मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीमती पटले द्वारा उक्त दोनों प्लाट मालिक पर 5-5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। साथ ही तीन दिवस के अंदर जुर्माना जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। जुर्माना जमा न करने की स्थिति में प्रकरण न्यायालय भेजा जाएगा। इससे पूर्व दोनों प्लाट मालिकों को चेतावनी और समझाइश भी दी गई थी।

No comments:
Post a Comment