मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
"द चैम्प्स फन स्कूल" में तोरण एवं ज्वेलरी मेकिंग वर्कशॉप का आयोजन
नर्मदा पुरम। ईशान परिसर स्थित द चैम्प्स फन स्कूल में आज दिनांक 11.10.2025 अर्धवार्षिक परीक्षा की पैरेंट्स–टीचर मीटिंग (PTM) का आयोजन किया गया। अभिभावकों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर शिक्षकों से अपने बच्चों की प्रगति के बारे में चर्चा की और उनके शैक्षणिक विकास के संबंध में उपयोगी सुझाव भी प्राप्त किए।
इसी अवसर पर विद्यालय द्वारा दीवाली के उपलक्ष्य में एक विशेष “तोरण एवं ज्वेलरी मेकिंग वर्कशॉप” का भी आयोजन किया गया। इस वर्कशॉप में बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। सभी ने मिलकर रंग-बिरंगे कागज़, मोतियों, लेस और सजावटी सामग्री से आकर्षक तोरण व सुंदर ज्वेलरी तैयार की।
इस रचनात्मक गतिविधि का उद्देश्य बच्चों में कलात्मक सोच, रचनात्मकता और पारंपरिक कला के प्रति रुचि विकसित करना था। वहीं अभिभावकों की सहभागिता ने बच्चों के आत्मविश्वास और सीखने की प्रक्रिया को और भी रोचक बना दिया।
वर्कशॉप के अंत में बच्चों ने अपनी बनाई हुई वस्तुएँ गर्व से घर लेकर गए। पूरे दिन विद्यालय का वातावरण उत्साह, रचनात्मकता और सीखने की खुशी से भरा रहा। प्राचार्य डॉ आशीष चटर्जी ने बताया कि हम प्रतिवर्ष बच्चों को दीपावली के त्यौहार के पूर्व घर सजाने के लिए रचनात्मक कौशल विकास हेतु वर्कशॉप का आयोजन करते हैं।
द चैम्प्स फन स्कूल परिवार के लिए यह दिन न केवल एक शैक्षणिक उपलब्धि का प्रतीक रहा, बल्कि माता-पिता और बच्चों के बीच स्नेह व सहयोग के सुंदर संबंध का भी प्रतीक बन गया। वर्कशॉप की प्रभारी सुश्री अक्षिता दीवान एवं श्रीमती संध्या यादव रही और सभी शिक्षक शिक्षिकाओं के योगदान के साथ यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपूर्ण हुआ।


No comments:
Post a Comment