मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
नववर्ष पूर्व संध्या पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस ने की सख़्त कार्रवाई
नर्मदा पुरम। नववर्ष 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण में मनाए जाने के उद्देश्य से पूर्व में ही जिले के समस्त थाना प्रभारियों, यातायात शाखा एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट एवं सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। इन निर्देशों के अंतर्गत यह सुनिश्चित किया गया कि नववर्ष पूर्व संध्या पर शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति, लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग, अवैध शराब विक्रय तथा ध्वनि प्रदूषण जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए।
प्रवर्तनात्त्मक कार्रवाई से पूर्व नर्मदापुरम पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, समाचार पत्रों एवं अन्य मुख्यधारा मीडिया माध्यमों के जरिये आम नागरिकों को पूर्व सूचना एवं जागरुकता संदेश जारी किए गए। इन संदेशों के माध्यम से नागरिकों से अपील की गई कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएँ, यातायात नियमों का पालन करें तथा नववर्ष का उत्सव शांतिपूर्ण एवं जिम्मेदार ढंग से मनाएँ। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
उक्त निर्देशों के अनुपालन में नववर्ष पूर्व संध्या पर जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों तथा भीडभाड वाले स्थानों पर सघन चेकिंग की गई। अभियान के अंतर्गत धारा 185 मोटरयान अधिनियम के तहत शराब के नशे में वाहन चलाने वाले कुल 68 वाहन चालकों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किए गए, जिनमें कार एवं दोपहिया वाहन शामिल हैं। सभी संबंधित वाहनों को जब्त किया गया है तथा प्रत्येक वाहन चालक पर नियमानुसार न्यूनतम ₹10,000/- का अर्थदंड आरोपित किया जाएगा। उक्त धारा के अंतर्गत ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन एवं कारावास तक का भी प्रावधान है।
इस विशेष अभियान में थाना कोतवाली क्षेत्र द्वारा सर्वाधिक 11 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान कई स्थानों पर पुलिस कर्मियों द्वारा बॉडी-वॉर्न कैमरों का उपयोग किया गया, जिससे संपूर्ण कार्रवाई पारदर्शी, निष्पक्ष एवं प्रमाणिक बनी रही।
नववर्ष के अवसर पर अवैध शराब विक्रय एवं अन्य अनियमितताओं की रोकथाम हेतु जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित कुल 182 होटल एवं ढाबों की जांच की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेष सतर्कता बरती गई, जिसमें थाना देहात द्वारा सर्वाधिक 15 ढाबों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। सभी होटल एवं ढाबा संचालकों को अवैध शराब का विक्रय न करने तथा रात्रि 10 बजे के बाद तेज ध्वनि में डीजे अथवा संगीत का संचालन न करने के सख्त निर्देश दिए गए। निर्देशों के उल्लंघन की स्थिति में वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। विशेष रूप से राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर स्थित ढाबों पर अतिरिक्त निगरानी रखी गई।
पुलिस द्वारा की गई समयबद्ध पूर्व चेतावनी, सुनियोजित व्यवस्था एवं सख़्त प्रवर्तन कार्रवाई के परिणामस्वरूप नववर्ष पूर्व संध्या एवं नववर्ष दिवस के दौरान जिले में किसी भी प्रकार की हिंसक घटना, सड़क दुर्घटना में मृत्यु अथवा आम नागरिकों द्वारा अत्यधिक शोर-शराबे संबंधी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई। संपूर्ण जिला क्षेत्र में नववर्ष का उत्सव शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
नर्मदापुरम जिला पुलिस परिवार की ओर से समस्त जिलेवासियों एवं मीडिया बंधुओं को नववर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएँ। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों द्वारा प्रदर्शित सहयोग एवं जिम्मेदार व्यवहार सराहनीय है। आपके सहयोग एवं विश्वास से ही जिले में शांति, सुरक्षा एवं अनुशासन कायम रखना संभव हो पाया है। आइए, नए वर्ष में भी यातायात नियमों का पालन करते हुए, जिम्मेदार नागरिक के रूप में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और नर्मदापुरम को एक सुरक्षित एवं अनुकरणीय जिला बनाने में सहभागी बनें। कामना है कि नववर्ष 2026 आपके जीवन में उत्तम स्वास्थ्य, सुरक्षा, सफलता एवं समृद्धि लेकर आए।


No comments:
Post a Comment