मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
सभी राजस्व अधिकारी राजस्व वसूली कार्य में तेजी लाएं, लक्ष्य निर्धारित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें : कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना
लोक सेवा गारंटी के मामलों में देरी नहीं की जाएगी बर्दाश्त, लोक सेवा प्रदायगी के प्रकरण का समय सीमा में हो निराकरण
त्योहारों पर शांति व्यवस्था बनाए रखें, ध्वनि प्रदूषण नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित हो
नरवाई प्रबंधन व गेहूं उपार्जन की तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश
कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों की बैठक के दौरान राजस्व, कानून एवं शांति व्यवस्था उपार्जन सहित अन्य विषयों की की समीक्षा
नर्मदा पुरम। शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय के सभा कक्ष में कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान कलेक्टर ने राजस्व वसूली, आरसीएमएस पोर्टल पर मामलों का डिस्पोजल सहित कानून एवं शांति व्यवस्था, उपार्जन एवं अन्य प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में समस्त अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम), तहसीलदारों एवं राजस्व अधिकारियों को विभिन्न लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण एवं लक्ष्य निर्धारित कर कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अनुविभागीय अधिकारी पटवारियों की फील्ड में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा नजूल प्रकरणों के निराकरण हेतु विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए। नजूल लीज नवीनीकरण के मामलों के शीघ्र डिस्पोजल के लिए भी व्यवस्थित योजना बनाकर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने चालू वित्तीय वर्ष के अंत तक राजस्व वसूली में उल्लेखनीय प्रगति लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सूचीबद्ध प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए जाएं तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि गत वर्ष की तुलना में राजस्व वसूली कम न हो। सभी राजस्व अधिकारी अपने-अपने लक्ष्य निर्धारित कर वसूली में गति लाएं।
स्वामित्व योजना के तहत सभी कार्य वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सभी एसडीएम को रिव्यू कर रीड्रोन फ्लाई हेतु अधीक्षक भू-अभिलेख कार्यालय को अवगत कराने को कहा गया। फार्मर रजिस्ट्री के अंतर्गत कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने, नियमित समीक्षा एवं विश्लेषण करने के निर्देश भी दिए गए। विस्थापित ग्रामों में भू-अधिकार पत्र एवं ऋण पुस्तिका वितरण हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा शेष तहसीलों में गिरदावरी कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन में राजस्व विभाग की रैंकिंग एवं ग्रेडिंग पर असंतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने निर्देशित किया कि एक सप्ताह के भीतर सभी शिकायतों का नियमित फॉलोअप लेकर अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की जाए और समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने लोक सेवा गारंटी के अंतर्गत समय-सीमा से बाहर प्रकरणों की विशेष समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी तथा कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर पेनल्टी अधिरोपित की जाए।
भू-अर्जन प्रकरणों में संबंधित विभागों को पत्राचार कर आ रही समस्याओं का निराकरण करने तथा साप्ताहिक समीक्षा के माध्यम से लंबित मामलों का डिस्पोजल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। हिट एंड रन प्रकरणों में शीघ्र जांच कर समय पर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने तथा पीड़ितों को आर्थिक सहायता में विलंब न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया गया।
कलेक्टर ने अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में सख्ती से कार्यवाही कर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। उन्होंने समस्त अनुविभागो में नरवाई प्रबंधन हेतु समग्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। मशीनों की उपलब्धता, खेत पाठशाला तथा कृषि नरवाई प्रबंधन के विकल्प का पर्याप्त रूप से प्रचार प्रसार किए जाने के लिए भी निर्देशित किया।
कलेक्टर ने आगामी गेहूं उपार्जन को ध्यान में रखते हुए उपार्जन केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं एवं आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रस्ताव शीघ्र प्रेषित करने के निर्देश दिए। आगामी त्योहारों के मद्देनजर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सभी एसडीएम एवं संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए। ध्वनि प्रदूषण संबंधी शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा डीजे संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश जारी करने के लिए भी निर्देशित किया गया।
बैठक में एडीएम राजीव रंजन पांडे, अपर कलेक्टर अनिल जैन, अपर कलेक्टर बृजेन्द्र रावत सहित समस्त एसडीएम, तहसीलदार एवं अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment