मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान जारी
अब तक 1619 बालिकाओं ने लगवाया टीका,
आज सर्वाधिक 95 बालिकाओ टीकाकरण सोहागपुर में किया गया
एके एन न्यूज नर्मदापुरम। जिले में कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशानुसार सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 14–15 वर्ष की किशोरी बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन निशुल्क लगाया जा रहा है। सीएमएचओ डॉ नरसिंह गेहलोत ने बताया कि महिलाओं में होने वाले कैंसरों में दूसरे सबसे प्रमुख सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा नर्मदापुरम जिले में एचपीवी (ह्यूमन पैपीलोमा वायरस) टीकाकरण जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल इटारसी, सभी सीएचसी में अवकाश के दिनों को छोड़कर प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से लगाए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार भारत में प्रतिवर्ष एक लाख से अधिक नए सर्वाइकल कैंसर के मामले सामने आते हैं और करीब 80 हजार महिलाओं की इससे मृत्यु हो जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार यह कैंसर मुख्यतः एचपीवी वायरस के कारण होता है, जिसे किशोरी बालिकाओं में समय पर टीकाकरण के माध्यम से रोका जा सकता है। इसी उद्देश्य से भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरी बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन नि:शुल्क लगाई जा रही है।
कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरसिंह गेहलोत ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने के लिए एचपीवी का निशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं तथा अधिक जानकारी के लिए एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता या नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
स्वास्थ्य विभाग के जिला मीडिया प्रभारी सुनील साहू ने बताया अभियान के प्रथम दिन 28 फरवरी से आज तक ब्लॉक बनखेड़ी में 264, पिपरिया में 343, सोहागपुर में 205, माखननगर में 293, सुखतवा में 134, सिवनीमालवा में 66, डोलरिया में 86, नर्मदापुरम में 78 ओर इटारसी में 150, इस प्रकार कुल 1619 बालिकाओं ने निर्भीक होकर स्वयं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एचपीवी टीका लगवा लिया तथा हम उम्र लड़कियों से अपील की है कि वे भी इस टीके को बेझिझक लगवाएं और किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देवें।

No comments:
Post a Comment