मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने जनसुनवाई के दौरान 97 आवेदकों की समस्याओं का किया समाधान
कलेक्टर ने सुनी नागरिकों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश
1 दिन की समय सीमा के भीतर आवेदक को उपलब्ध कराई जाए वांछित नकल
नर्मदापुरम। सुश्री सोनिया मीना ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के जनसुनवाई कक्ष में आयोजित आम जनसुनवाई के दौरान नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुनते हुए उनका समाधान किया। इस दौरान उन्होंने आवेदकों को उचित मार्गदर्शन प्रदान करते हुए उन्हें अन्य आवश्यक कार्यवाही किए जाने हेतु समझाइश भी दी। जनसुनवाई के दौरान सीईओ जिला पंचायत हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर अनिल जैन, डिप्टी कलेक्टर डॉ बबीता राठौर, एसडीएम श्री जय सोलंकी सहित अन्य जिलाधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने इस दौरान पूर्व में लंबित जनसुनवाई प्रकरणों की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने इस दौरान 97 आवेदकों की समस्याओं का समाधान करते हुए अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण किया जाए।
एक दिन में उपलब्ध करवाई जाए नकल की प्रतिलिपी
जनसुनवाई के दौरान इटारसी तहसील निवासी राहुल कुमार कटारे द्वारा नल की सत्यापित प्रतिलिपि प्राप्त न होने की समस्या सामने आई। इस पर कलेक्टर ने तत्काल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इटारसी एसडीएम को निर्देशित किया कि आवेदक को एक दिवस के भीतर चाही गई नकल की सत्यापित प्रतिलिपि उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मामले की जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन देने के बावजूद आवेदक को समय पर प्रतिलिपि क्यों नहीं दी गई। जांच उपरांत विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
समयमान वेतनमान के प्रकरण में शीघ्र कार्रवाई के निर्देश
पिपरिया निवासी गुलाब सिंह कहार द्वारा समयमान वेतनमान का लाभ न मिलने संबंधी आवेदन पर कलेक्टर ने संज्ञान लेते हुए स्थापना शाखा प्रभारी को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर शीघ्र ही आवेदक को समयमान वेतनमान का लाभ प्रदान किया जाए।
आवेदनकर्ता को नियमनुसार मातृत्व वंदना योजना के लाभ से करें लाभान्वित
ग्राम मनवाड़ा निवासी भारती अहिरवार द्वारा मातृत्व वंदना योजना का लाभ प्राप्त न होने की समस्या रखी गई। इस पर कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि आवेदन की स्थिति की जांच कर नियमानुसार हितग्राही को योजना का लाभ दिलाया जाए।
इसी प्रकार कलेक्टर ने जनसुनवाई के दौरान ग्राम बैहराखेड़ी निवासी राम मोहन मालवीय ने किसान सम्मान निधि का लाभ प्रदाय किये जाने के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर ने सम्बंधित अधिकारी को नियमानुसार लाभ प्रदाय करने के लिए निर्देशित किया। एक अन्य मामले में ग्राम शोभापुर निवासी काशीबाई ने वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ प्रदान करने के संबन्ध में आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत सोहागपुर को उचित सहायता प्रदान करने के लिए निर्देशित किया।

No comments:
Post a Comment