एके एन न्यूज नर्मदा पुरम
पिपरिया में अवैध गतिविधियों पर प्रशासन की बड़ी कार्यवाही,
शराब दुकानों और ढाबों पर छापेमारी में 6 केस दर्ज
नर्मदापुरम// कलेक्टर के निर्देश और एसडीएम पिपरिया के मार्गदर्शन में प्रशासन ने अवैध शराब सेवन और अनियमितताओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। राजस्व, आबकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने शहर की शराब दुकानों, ढाबों और गुमटियों का सघन निरीक्षण किया।
नायब तहसीलदार नीरज सिंह बैस के नेतृत्व में टीम ने मंडी रोड, बस स्टैंड और इतवारा बाजार स्थित शराब दुकानों के आसपास जांच की। इस दौरान हवेली ढाबा, साईं सिलारी ढाबा, साईं फैमिली ढाबा, सतपुड़ा ढाबा और नैवेद्य ढाबा में विशेष चेकिंग की गई। निरीक्षण में हवेली ढाबा, साईं फैमिली ढाबा और इतवारा बाजार शराब दुकान के पास एक गुमटी में खुलेआम शराब पिलाने की शिकायत सही पाई गई।
टीम ने मौके पर लोगों को सार्वजनिक रूप से मदिरापान करते पकड़ा। इस पर म.प्र. आबकारी अधिनियम की धारा 36(अ) एवं 36(ब) के तहत कुल 6 प्रकरण दर्ज किए गए। साथ ही साईं फैमिली ढाबा में घरेलू एलपीजी सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करते पाया गया। नियम तोड़ने पर एक सिलेंडर जब्त कर संचालक को कड़ी चेतावनी दी गई।
नायब तहसीलदार नीरज सिंह बैस ने शराब दुकान संचालकों को साफ निर्देश दिए कि दुकानों के आसपास किसी भी हाल में शराब न पिलाई जाए। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा। चेतावनी दी गई कि अगली बार नियम तोड़ने पर और कठोर कार्रवाई होगी।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक हितेश कुमार बिशोरिया, आरक्षक गणपति बोबड़े, योगेंद्र सिंह ठाकुर, नगर सैनिक बसंत पटेल, संतोष ठाकुर शामिल रहे। पुलिस विभाग से सहायक उपनिरीक्षक दिलीप सिंह परते, मुख्य आरक्षक साजिद अली, आरक्षक अनिल, प्रतीक साहू एवं सतीश पटेल ने सहयोग किया। प्रशासन की इस छापेमारी के बाद शहर में अवैध रूप से शराब पिलाने वालों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी।

No comments:
Post a Comment