मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
नर्मदापुरम में चौहान राजवंश की कुलदेवी आशापुरा माता का तीन दिवसीय भव्य अनुष्ठान सम्पन्न
नर्मदापुरम। जिले में पहली बार चौहान राजवंश की कुलदेवी मां आशापुरा देवी का तीन दिवसीय भव्य अनुष्ठान पुराना पिपारिया नाका स्थित चौहान निवास में श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। यह धार्मिक आयोजन 17 मई से प्रारंभ होकर तीन दिनों तक चला, जिसमें जिलेभर से चौहान राजवंश के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
अनुष्ठान को संपन्न कराने हेतु आसलपुर, जयपुर (राजस्थान) से चौहान राजवंश के कुल पुरोहित पं. मोहित पाराशर अपने साथ आए ब्राह्मणों के साथ विशेष रूप से पहुंचे। वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ मां आशापुरा देवी की पूजा-अर्चना एवं अनुष्ठान संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर आयोजक सुनील चौहान सहित जासलपुर, गुर्रा, कांदई एवं गुडारिया के चौहान परिवारों द्वारा कुल पुरोहित पं. मोहित पाराशर का सम्मान किया गया। साथ ही सफल आयोजन के लिए उन्हें धन्यवाद देते हुए शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।


No comments:
Post a Comment