मनोज सोनी एडिटर इन चीफ
समेरिटंस में कौशल विकास कार्यशाला में बच्चों ने सीखी बागवानी
नर्मदापुरम। समेरिटंस स्कूल सांदीपनी परिसर मालाखेड़ी में चल रही कौशल विकास कार्यशाला के द्वितीय दिवस गुरुवार को बागवानी, हस्तशिल्प, ग्राफिक डिजाइनिंग, कहानी, कविता लेखन की कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान विषय विशेषज्ञों ने बच्चों को विषय की आधारभूत जानकारी देने के साथ अभ्यास कार्य भी कराया।
बागवानी कार्यशाला में उद्यानिकी विभाग की डिप्टी डायरेक्टर श्रीमती रीता ऊईके ने बच्चों को बागवानी की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बताया कि हम किस प्रकार से अपने छोटे से घर में पौधे उगा सकते हैं। उन्होंने बताया कि बागवानी से जहां हमारे घर की सुंदरता बढ़ती है, वहीं हमे फल और फूल भी आसानी से मिल जाते हैं। इसके अलावा हमारा जीवन अनुशासित होता है और हम प्रकृति के प्रति संवेदनशील भी होते हैं। उन्होंने पौधों के रोपण से लेकर उनकी सुरक्षा और होने वाली बीमारियों के विषय में भी जानकारी दी। लेखन कार्यशाला में साहित्यकार श्रीमती रेखा रत्नानी ने बच्चों को लेखन के गुर बताए।
साइबर जागरुकता भी
इसके पूर्व पुलिस साइबर सेल के संदीप यदुवंशी ने बच्चों को साइबर क्राइम के बारे में विस्तार से बताया और उनसे बचने की सलाह देते हुए बरती जाने वाली सावधानियों की चर्चा की।

No comments:
Post a Comment